delhi weather update yellow alert fog light rain western disturbance Delhi Weather: दिल्लीवाले तैयार रहें! आज से फिर बदलेगा मौसम, बारिश-कोहरे का येलो अलर्ट, Ncr Hindi News - Hindustan
More

Delhi Weather: दिल्लीवाले तैयार रहें! आज से फिर बदलेगा मौसम, बारिश-कोहरे का येलो अलर्ट

Delhi Weather Update: दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार और रविवार को घने कोहरे और हल्की बूंदाबांदी का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में बड़े बदलाव के आसार हैं।

Sat, 31 Jan 2026 05:39 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
Delhi Weather: दिल्लीवाले तैयार रहें! आज से फिर बदलेगा मौसम, बारिश-कोहरे का येलो अलर्ट

राजधानी के मौसम में शनिवार से बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम और कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। जबकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के भी एक-दो दौर आने की संभावना है।

दो दिन येलो अलर्ट

इसके लिए मौसम विभाग ने दो दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही धूप निकली रही। दिन चढ़ने के साथ ही धूप और तेज हो गई। इसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। एक दिन पहले की तुलना में अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 50 से 100 फीसदी तक रही। दिल्ली के पालम इलाके में दिन का अधिकतम तापमान सबसे कम 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली समेत उत्तर भारत के बड़े इलाके में एक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने वाला है। इसके चलते अगले तीन दिनों तक बीच-बीच में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के दौर आने के आसार हैं। अगले दो दिनों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा भी छाया रह सकता है। इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश, बादल और कोहरे के चलते खासतौर पर दिन के अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है।

दिल्ली मौसम

बीते चार वर्षों में इस बार जनवरी में सर्वाधिक वर्षा

दिल्ली में जनवरी का महीना बारिश के लिहाज से खासा अच्छा बीता है। नवंबर और दिसंबर के महीने में दिल्ली में जरा भी बारिश नहीं हुई थी। जनवरी के पहले पखवाड़े में भी ऐसी ही स्थिति रही। लेकिन, दूसरे पखवाड़े में लगातार पश्चिमी विक्षोभ आए और दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में कुल मिलाकर 25.01 मिमी बारिश दर्ज की गई। जो कि बीते चार सालों के लिहाज से सबसे ज्यादा है। इससे पहले वर्ष 2022 में 88.2 मिमी बारिश हुई थी।

एक दर्जन इलाकों की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंची

राजधानी दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को दिल्ली के 12 इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया। प्रदूषण के स्रोतों पर प्रभावी रोकथाम नहीं लगने और मौसम के विपरीत कारकों के चलते दिल्ली के लोगों को इस बार पहले से ज्यादा प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 253 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह सूचकांक 226 के अंक पर रहा था। बीते 24 घंटे में सूचकांक में 27 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, शुक्रवार शाम चार बजे 12 निगरानी केन्द्रों का सूचकांक 300 से ऊपर यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली समेत इन राज्यों में तीन दिन बारिश का अलर्ट, यहां फिर बढ़ेगी ठंड
ये भी पढ़ें:दिल्ली सरकार ने MCD के लिए खोला खजारा, एकमुश्त दिए 500 करोड़ रुपए; होंगे ये काम

वायु गुणवत्ता मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। लेकिन, शुक्रवार की शाम को दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 177.9 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 104.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी हवा में प्रदूषक कणों का स्तर सामान्य से लगभग पौने दो गुना ज्यादा है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच में वायु गुणवत्ता के स्तर में हल्का सुधार हो सकता है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।