दिल्ली समेत इन राज्यों में तीन दिन बारिश का अलर्ट, यहां फिर बढ़ेगी ठंड; कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक 1 फरवरी के बाद यूपी में एक बार फिर बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिन बारिश का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम के करवट बदलने का सिलसिला अभी थमने नहीं वाला है। नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजधानी दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिन बारिश की संभावना है। हालांकि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पंजाब में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया तो वहीं हरियाणा का तापमान औसमत के करीब बना रहा। उत्तर प्रदेश में तेज हवाओँ की वजह से ठंड में इजाफा हुआ है। शनिवार को यूपी में कोहरा और ठंड बढ़ सकता है। नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 1 से 3 फरवरी के बीच बारिश भी हो सकती है।
कश्मीर में खत्म हो गया चिल्ला-ए-कलां
भीषण सर्दी के दौर 'चिल्ला-ए-कलां' की शुक्रवार को हुई समाप्ति के बीच कश्मीर घाटी के अधिकतर हिस्सों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। श्रीनगर सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे इस अवधि की कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कोनिबल में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस, पुलवामा में 0.1 डिग्री और कुलगाम में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतर मौसम केंद्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
जाब के कई स्थानों पर शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा वहीं हरियाणा में यह औसत तापमान के करीब बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा में तापमान औसत के करीब ने रहने की उम्मीद है। वहीं 1 फरवरी से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
राजस्थान में हो सकती है बारिश
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार से बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 जनवरी को राज्य के अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
एक और दो फरवरी को भी उत्तरी व पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग में आकाशीय बिजली के साथ कहीं-कहीं हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में शुक्रवार को ठंड से मामूली राहत मिली, क्योंकि अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि यह राहत अल्पकालिक ही है, क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान बारिश और आंधी का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन