दिल्ली में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का अलर्ट, कोहरे की चादर के साथ गिरेगा पारा
Delhi Weather: दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते शीतलहर का प्रकोप बढ़ने वाला है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ घने कोहरे की संभावना जताई है।

राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज और बदलने वाला है। पिछले हफ्तेभर से दिल्ली में लगातार ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आने वाले दिनों में दिल्ली में पारा और गिरेगा और शीतलहर का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है।
कल कैसा रहा मौसम?
दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता का स्तर प्रभावित हुआ। दिल्ली के पालम मौसम केन्द्र में सुबह के समय सबसे कम दृश्यता का स्तर 50 मीटर तक दर्ज किया। हालांकि, बाद में धूप निकलने लगी और कोहरा कम हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमन 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर 60 से 100 फीसदी तक रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि हवा की दिशा बदलने से अब दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री जबकि, न्यूनतम तापमान 8 से दस डिग्री के बीच रह सकता है।




साइन इन