दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट; फिर गिरेगा पारा
दिल्ली में शुक्रवार को 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना है, जिससे तापमान गिरेगा। हालांकि, वायु गुणवत्ता अब भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है।

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में शुक्रवार को सुबह एक या दो बार गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, दोपहर या शाम को हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
अगले 24 घंटे नहीं होगा कोई खास बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार जहां अधिकतम तापमान 19-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है वहीं न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। यह 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और 23 जनवरी को 4-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी और उसके बाद 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। 23 जनवरी को सामान्य से ऊपर 5.1 और 25 जनवरी को सामान्य से नीचे 1.6 डिग्री से 3.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजधानी में प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार
दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में कमी दर्ज की गई। हालांकि बुधवार शाम को यह 300 से अधिक ही दर्ज किया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में बुधवार सुबह मामूली सुधार हुआ लेकिन यह अब भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। सीपीसीबी के अनुसार, बुधवार सुबह नौ बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एएक्यूआई) 339 दर्ज किया गया। हालांकि, शाम 4 बजे यह 9 अंक घटकर 330 दर्ज की गई। सीपीसीबी ने एक दो दिन में प्रदूषण बढ़ने की आशंका जताई है।




साइन इन