दिल्ली में शीतलहर से राहत पर कोहरे का यलो अलर्ट, हवा भी फिर जहरीली हुई
दिल्ली में चार दिनों की शीतलहर के बाद तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन घने कोहरे और गंभीर प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंचने से हवा जहरीली हो गई है।

राजधानी दिल्ली के लोगों को चार दिन शीतलहर का सामना करने के बाद शुक्रवार को राहत मिली। हालांकि, कई इलाकों में दोपहर में धूप के बाद भी ठंडी हवाओं के कारण सर्दी महसूस हुई। हालांकि आज सुबह से ही आसमान में कोहरा छाया हुआ है और लोगों को ठिठुरन का अहसास हो रहा है।
घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आगामी चार दिनों तक शीतलहर के आसार नहीं हैं। हालांकि, विभाग ने घने कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। स्काईमेट वेदर के अनुसार 17 से 20 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, लेकिन 23 से 26 जनवरी के बीच ठंड का एक और दौर आने की संभावना है।
शुक्रवार को पालम में कोहरे के कारण दृश्यता में कमी दर्ज की गई और यह 150 तक रही। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई। सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली के चार इलाकों में एक्यूआई 400 के पार
राजधानी में शुक्रवार को प्रदूषण का औसत स्तर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं, चार इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 अंक से अधिक यानी गंभीर श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 354 दर्ज किया गया। गुरुवार को यह 343 के अंक पर रहा था।
मानकों से ढाई गुना अधिक प्रदूषण
मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से नीचे होने पर ही उसे स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है। शुक्रवार शाम चार बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का स्तर 282 और पीएम 2.5 का स्तर 172 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में मानकों से लगभग ढाई गुना ज्यादा प्रदूषण मौजूद है।




साइन इन