दिल्ली तुर्कमान गेट में पथराव करने वाले 30 उपद्रवियों की पहचान, 450 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले
दिल्ली पुलिस ने तुर्कमान गेट में बुलडोजर ऐक्शन के खिलाफ पुलिस पर पथराव करने वाले 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली है। आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए छापेमारी तेज हो गई है।

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास एमसीडी के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुए पथराव मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पथराव करने वाले 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली है और उन्हें हिरासत में लेने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान 450 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर की गई है। अब पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर इन लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं।
सपा सांसद नदवी को समन
इस बीच, मामले में एक राजनीतिक एंगल भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी को जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा जाएगा। पुलिस के मुताबिक, हिंसा से पहले सांसद मौके पर मौजूद थे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्होंने उस स्थान को नहीं छोड़ा।
बता दें कि मस्जिद के पास बुलडोजर की यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों पर एमसीडी और पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान में की गई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 7 जनवरी तड़के की गई थी। इससे पहले शांति बनाए रखने के लिए अमन कमेटी और स्थानीय लोगों के साथ कई समन्वय बैठकें भी की गई थीं।
पांच आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर आज सुनवाई
उधर, पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशिफ, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद अरीब, अदनान और समीर के रूप में हुई है। आरोपियों की ओर से जमानत याचिकाएं दाखिल की गई हैं, जिन पर गुरुवार को सुनवाई होनी है। उधर, पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।




साइन इन