दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी, पकड़ी गई 10 करोड की कोकीन; विदेशी नागरिक गिरफ्तार
दिल्ली में ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ऑपरेशन कवच 13.0 के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के सदस्य को गिरफ्तार किया है और उसके पास से करीब 1.031 किलोग्राम की कोकीन बरामद की है।

दिल्ली में ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ऑपरेशन कवच 13.0 के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के सदस्य को गिरफ्तार किया है और उसके पास से करीब 1.031 किलोग्राम की कोकीन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जॉन चिबुइके (35) के रूप में हुई है, जो नाइजीरिया का नागरिक है और महरौली के इस्लाम कॉलोनी इलाके में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी साउथ और साउथ-ईस्ट दिल्ली में कोकीन सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क का हिस्सा था और पिछले कुछ समय से अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा था।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
30 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाइजीरियन नागरिक इलाके में बड़े स्तर पर कोकीन की सप्लाई कर रहा है। इसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मैनुअल निगरानी के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके ठिकाने पर छापा मारा।
घर से मिली भारी मात्रा में कोकीन
छापेमारी के दौरान आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1031 ग्राम यानी 1.031 किलोग्राम फाइन क्वालिटी की कोकीन बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी ड्रग सप्लाई चेन के लिए बड़ा झटका है।
पहले भी दर्ज है मामला
जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में शामिल रह चुका है। वर्ष 2022 में प्रीत विहार थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने महरौली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन कवच के तहत नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।




साइन इन