गुड न्यूज! दिल्ली में 8 लाख नए राशन कार्ड बनेंगे, जानिए कौन-कौन कर पाएगा अप्लाई
दिल्ली सरकार जल्द ही 8.27 लाख नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिसके लिए वार्षिक आय सीमा बढ़ाकर 1.20 लाख रुपये कर दी गई है; साथ ही आधार सेवाओं और बजट की तैयारियों पर भी जोर दिया जा रहा है।

राजधानी में जल्द नए राशन कार्ड के लिए आवेदन शुरू किए जाएंगे। हाल ही में सरकार ने इसके लिए वार्षिक पारिवारिक आय सीमा को एक लाख से बढ़ाकर 1.20 लाख रुपये किया है।
सरकार ने तैयार किया प्रस्ताव
यह राशन कार्ड किन लोगों के बनाए जाएंगे, इसके लिए भी सरकार ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द ही इसे कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा और प्रस्ताव पर मुहर लगाने के बाद राशन कार्ड बनेंगे, जिनकी संख्या 8.27 लाख हो सकती है। दिल्ली सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में सरकार के पास लगभग 3.40 लाख आवेदन लंबित हैं। वहीं 11.65 लाख लोग राशन कार्ड के लिए आवेदन करना चाहते हैं, लेकिन सरकार नए राशन कार्ड बनाने के लिए पूरी तरह से जांच करेगी। इसके लिए कई स्तरों पर विजिलेंस कमेटी बनेगी।
राज्य स्तर की कमेटी के प्रमुख खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री होंगे। जिला स्तर की कमेटी के प्रमुख सांसद, ब्लॉक लेवल कमेटी के प्रमुख विधायक और फेयर प्राइस शॉप स्तर की कमेटी का प्रमुख एफएसओ होगा। सूत्रों ने बताया कि राशन कार्ड बनाने में अधिक गरीब को प्रमुखता दी जाएगी। नए राशन कार्ड का कोटा प्रत्येक जिले में बांटा जाएगा।
बड़ी परियोजनाओं पर निगरानी रखें अधिकारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सभी परियोजनाओं को एक सप्ताह के भीतर ‘सीएम-प्रगति’ पोर्टल पर अवश्य डालें ताकि परियोजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी मिलती रहे।
पांच नए आधार सेवा केंद्र शुरू, तीन और खुलेंगे
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को आजादपुर मेट्रो स्टेशन परिसर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र में आसपास के लोगों को आधार से जुड़ी सेवाएं घर के पास मिल सकेंगी। यहां आधार अपडेट, बायोमीट्रिक सुधार, पता बदलवाना, बच्चों का आधार पंजीकरण और अन्य जरूरी काम आसानी से हो सकेंगे। दिल्ली में आठ नए आधार केंद्रों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से पांच केंद्र शुरू हो गए हैं।
बजट को लेकर सरकार ने आंकलन शुरु किया
दिल्ली सरकार आने वाले समय में अपना अगला बजट पेश करेगी। इसे लेकर दिल्ली सरकार तैयारी में जुट गई है। दिल्ली सरकार के वित्त विभाग ने विभिन्न विभागों से इस वर्ष के बजट में बीते 9 माह के दौरान किए गए खर्च एवं अगले तीन माह में होने वाले खर्चों का ब्यौरा मांगा है। सूत्रों का कहना है कि इससे अगले वर्ष के लिए योजना बनाने एवं वित्तिय स्थिति का आंकलन हो सकेगा।
दिल्ली में मुनक नहर पर छठ घाट का निर्माण होगा
वर्षों से गंदगी और अव्यवस्था का शिकार रही मुनक नहर की तस्वीर छठ घाट और एलिवेटेड रोड के निर्माण से बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को नहर के कायाकल्प और भव्य छठ घाटों के निर्माण की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि अगली छठ पूजा तक यह नहर पूरी तरह से स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक रूप में श्रद्धालुओं के सामने आएगी। सीएम ने इसे लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब छठ पर्व के दौरान लोग गंदगी में नहीं, बल्कि सुंदर घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे।




साइन इन