फौजी पति और डाइटिशियन पत्नी ने रचा हनीट्रैप वाला जाल, बुजुर्ग CA को बनाया शिकार; गैंग के 4 लोग गिरफ्तार
दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक सेना के जवान ने अपनी डाइटिशियन पत्नी के साथ मिलकर एक बुजुर्ग सीए (CA) को हनीट्रैप का शिकार बनाया और लाखों की लूट को अंजाम दिया।

दक्षिणी दिल्ली की नेब सराय थाना पुलिस ने हनीट्रैप के जरिये फंसाकर अपहरण और लूटपाट के मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक सेना के जवान को पत्नी और साथियों के साथ पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, सैनिक फार्म के अनुपम गार्डन में रहने वाले 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) मनमोहन गुप्ता इस हनीट्रैप गैंग का शिकार हुए थे। सेना के जवान की पत्नी 40 वर्षीय कल्पना कुमारी एक डाइटीशियन है। बुजुर्ग अपनी डाइट को लेकर ही महिला के संपर्क में आए थे।
गत 2 मई की शाम करीब 7:45 बजे बुजुर्ग सीए अपने घर पर अकेले थे और कल्पना का इंतजार कर रहे थे। योजना के तहत जैसे ही कल्पना घर में दाखिल हुई, उसके अन्य साथी भी अंदर घुस गए और बुरी तरह मारपीट के बाद बुजुर्ग के मुंह, हाथ-पैर को टेप से बांधकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनके घर की अलमारी और दराज से करीब सवा पांच लाख रुपये नकद, तीन सोने की अंगूठियां और एक पर्स लूट लिया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
आरोपियों ने पीड़ित से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी
लूटपाट के बाद आरोपियों ने पीड़ित को उसी की कार में जबरन बैठाया और मेरठ की ओर निकल गए। सफर के दौरान उन्होंने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। उन्होंने बुजुर्ग को मजबूर किया कि वह अपने किसी परिचित को फोन करके झूठे एक्सीडेंट का बहाना बनाए और 15 लाख रुपये मांगे। जब यह चाल नाकाम हो गई, तो डरे हुए आरोपी पीड़ित को कार समेत दिल्ली-मुंबई हाईवे पर फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह एक ढाबे पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
मथुरा से दबोचा गया
नेब सराय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। इसी दौरान जांच के दौरान मुख्य आरोपी महिला कल्पना और 31 वर्षीय सुरेंद्र को उत्तर प्रदेश के मथुरा से दबोच लिया गया। इसके बाद गैंग के दो कुलदीप और सुशील को पकड़ा गया।
चापड़ दिखाकर घरों में लूट करने वाला शख्स दबोचा
वहीं, दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने घर में घुसकर चापड़ के बल पर लूटपाट करने वाले एक शख्स को मंगलवार को मॉडल टाउन इलाके से धर दबोचा। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय अजय बग्गा के रूप में हुई है। आरोपी पर मौर्या एंक्लेव और केशवपुरम इलाके में लोगों को डराकर वारदात करने का आरोप है। डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 21 अप्रैल को मौर्या एंक्लेव थाने में साहिल कुकरेजा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके पिता के पुराने परिचित अजय बग्गा घर मिलने के बहाने पहुंचे थे। घर में घुसते ही आरोपी ने चापड़ से हमला कर परिवार को धमकाया और करीब 4 लाख रुपये नकद तथा गहने लूटकर फरार हो गया। इसके बाद शनिवार को केशवपुरम इलाके में आरोपी एक फ्लैट के बाहर हाथ में चापड़ लेकर पहुंचा। आरोप ने 60 वर्षीय नीलम जैन को आरओ मैकेनिक बताकर दरवाजा खोलने के लिए कहा था।




साइन इन