दिल्ली मेट्रो की 15 और ट्रेनें बिना ड्राइवर के चलेंगी, किन रूट पर दौड़ेंगी नई मेट्रो
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अपने फेज-4 विस्तार की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा देने के लिए तीन प्रमुख कॉरिडोर के लिए 15 नई स्वचालित मेट्रो ट्रेन बेड़े में शामिल की गई हैं।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अपने फेज-4 विस्तार की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा देने के लिए तीन प्रमुख कॉरिडोर के लिए 15 नई स्वचालित मेट्रो ट्रेन बेड़े में शामिल की गई हैं। फेज-4 के तीन प्रमुख कॉरिडोर के लिए कुल 52 ट्रेनों की खरीद की जा रही है, जिनमें से पहली खेप पहुंच चुकी है।
इनमें से अभी दो ट्रेनों का परिचालन मजेंटा लाइन एक्सटेंशन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच हो रहा है। बाकी नई ट्रेनें चरणबद्ध तरीके से फेज चार के नए कॉरिडोर पर उतारी जाएंगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल पाएगी। पहले से दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में करीब 350 मेट्रो ट्रेनें हैं। फेज चार के तीन प्रमुख कॉरिडोर के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने छह कोच की 52 ट्रेनें (312 कोच) खरीदने की पहल की थी। इसमें से 24 नई ट्रेनें फेज चार के मजेंटा लाइन एक्सटेंशन पर चलाने की योजना है। इसके अलावा पिंक लाइन के मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर 15 और 13 ट्रेनें निर्माणाधीन गोल्डन लाइन (तुगलकाबाद-एरोसिटी) चलेंगी।
दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में ट्रेनों की संख्या बढ़कर हुई 365
15 नई ट्रेनें आने के बाद दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में ट्रेनों की संख्या बढ़कर करीब 365 हो गई है। फेज चार में मजेंटा लाइन एक्सटेंशन का निर्माण जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम तक हो रहा है। इसका अभी इस कॉरिडोर के करीब 11.70 किलोमीटर हिस्से का ही निर्माण पूरा हुआ है। इससे इस हिस्से पर परिचालन शुरू हो गया है। कॉरिडोर का बाकी हिस्सा भी वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है, तब मजेंटा लाइन एक्सटेंशन के पूरे हिस्से पर मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा। बताया जा रहा है कि फेज चार की 37 नई ट्रेनें भी जल्दी आ जाएंगी। इससे मजेंटा व पिंक लाइन पर ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ सकेगी। इन ट्रेनों की अधिकतम गति 95 किलोमीटर प्रति घंटे होगी।
पीएम ने 8 मार्च को किया था दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते रविवार 8 मार्च को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर पिंक लाइन के 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन के 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने विस्तार योजना के चरण 5-ए के तहत तीन नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी थी, जिनकी कुल लंबाई लगभग 16.1 किलोमीटर होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो के चौथे चरण की शुरुआत के साथ, दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का विस्तार अब 375 किलोमीटर से अधिक हो गया है, जिससे निवासियों के लिए कनेक्टिविटी और सुविधा में और सुधार हुआ है। उन्होंने कहा था कि एक समय ऐसा भी था जब दिल्ली की अक्षम परिवहन व्यवस्था के लिए अक्सर आलोचना की जाती थी। उन्होंने कहा, ''शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक आने-जाने में घंटों लग जाते थे और महिलाओं को अक्सर बस या ऑटो-रिक्शा पकड़ने की उम्मीद में लंबे समय तक बस स्टॉप पर इंतजार करना पड़ता था। हालांकि, दिल्ली में स्थिति तेजी से बदल रही है।''




साइन इन