राजस्थान में सूरज का रौद्र रूप, मौसम विभाग का नया अलर्ट बढ़ाएगा टेंशन
राजस्थान इन दिनों सूरज नहीं, आग बरसा रहा है। नौतपा के बीच पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर में सड़क पर निकलना किसी ‘अग्निपरीक्षा’ से कम नहीं लग रहा। बुधवार को श्रीगंगानगर देश का तीसरा सबसे गर्म शहर बना, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजस्थान इन दिनों सूरज नहीं, आग बरसा रहा है। नौतपा के बीच पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात ऐसे हो गए हैं कि दोपहर में सड़क पर निकलना किसी ‘अग्निपरीक्षा’ से कम नहीं लग रहा। बुधवार को श्रीगंगानगर देश का तीसरा सबसे गर्म शहर बना, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालात इतने भयावह रहे कि बीकानेर में हाईवे पर दौड़ती कारों के मीटर तक 49 डिग्री तापमान दिखाने लगे।
राजस्थान के कई शहर इस वक्त ‘हीट चैंबर’ बने हुए हैं। चूरू, बीकानेर, पिलानी और भीलवाड़ा में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। दिन तो झुलसा ही रहे हैं, अब रातें भी लोगों को चैन नहीं लेने दे रहीं। कोटा, फलोदी और हनुमानगढ़ में रात का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सबसे गर्म रात कोटा में रही, जहां देर रात तक गर्म हवाएं चलती रहीं।
मौसम विभाग ने आज जयपुर समेत 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जरूर जारी किया है, लेकिन राहत की उम्मीद फिलहाल कम नजर आ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मई के आखिरी दिनों तक लू और झुलसाने वाली गर्मी का असर जारी रहेगा।
राजस्थान में ‘आसमान से बरस रही आग’
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि इससे तापमान में बड़ी राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं।
बुधवार को श्रीगंगानगर का तापमान इस सीजन में पहली बार 48 डिग्री के पार पहुंचा। सुबह 9 बजे से ही सड़कों पर लपट जैसी गर्म हवाएं महसूस होने लगी थीं। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर में भी लू का असर इतना ज्यादा रहा कि लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए।
जयपुर में दोपहर का सन्नाटा, सीकर में बारिश के बाद बढ़ी उमस
राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कें सूनी नजर आईं। वहीं सीकर में मंगलवार शाम बारिश होने के बावजूद गर्मी कम नहीं हुई। उल्टा उमस बढ़ने से लोग और ज्यादा परेशान दिखे। यहां तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया।
बीकानेर में कारों के मीटर ने दिखाया 49 डिग्री
बीकानेर में गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाईवे पर चल रही कारों के डिजिटल मीटर तक 49 डिग्री तापमान दिखाने लगे। दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली हो गईं और लोग छांव तलाशते नजर आए।
जोधपुर-अजमेर में भी हाल बेहाल
जोधपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने यहां अगले दो से तीन दिन तक उमस और गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है। वहीं अजमेर में नौतपा के तीसरे दिन तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि 29 मई से प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
अलवर में 47 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
अलवर में बुधवार को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को यहां पारा 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया है। हालांकि दोपहर बाद हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।
प्रदेशभर में गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग दिन में जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि रात में भी गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की नींद उड़ा दी है। राजस्थान फिलहाल भीषण गर्मी की गिरफ्त में है और आने वाले कुछ दिन और भारी पड़ सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन