AIIMS के बाहर रह रहे मरीजों को लेकर रिपोर्ट पर HC ने किया गौर, दिया यह आदेश
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड को प्रमुख सरकारी अस्पतालों के बाहर भीषण ठंड में रह रहे मरीजों और उनके परिजनों को खराब मौसम के दौरान बचाने के लिए इमरजेंसी एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने एम्स के बाहर इलाज का इंतजार कर रहे फुटपाथ पर डेरा डाले मरीजों और उनके परिजनों की कथित 'दयनीय स्थिति' को प्रकाश डालती एक खबर पर संज्ञान लिया है। अदालत ने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) को सरकारी अस्पतालों के बाहर रह रहे मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए एक ठोस इमरजेंसी योजना बनाने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि भीषण गर्मी और सर्दी के सीजन में बचाव के लिए साल में 2 बार योजनाएं तैयार की जानी चाहिए।
मरीजों को बचाने की योजना बनाएं
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) को निर्देश दिया कि वह सरकारी अस्पतालों के बाहर रह रहे मरीजों और उनके तीमारदारों को खराब मौसम से बचाने के लिए एक आपातकालीन योजना बनाए। न्यायालय ने कहा कि बोर्ड को गर्मी और शीत लहर से निपटने के लिए हर साल दो योजनाएं तैयार करनी होंगी जिन्हें निगरानी समिति की मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जाना जरूरी है।
AIIMS के बाहर रह रहे मरीजों की स्थिति पर लिया संज्ञान
मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की पीठ ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के बाहर इलाज के इंतजार में फुटपाथ पर रह रहे मरीजों और उनके परिजनों की दयनीय स्थिति पर प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए सुनवाई की। अदालत ने कहा कि गर्मी से निपटने की योजना जनवरी-फरवरी में ही तैयार कर ली जानी चाहिए। इसको मई-जून में लू चलने पर लागू कर दिया जाना चाहिए। इसको जुलाई-अगस्त तक बढ़ाया जा सकता है।
एम्स ने पेश की रिपोर्ट
उच्च न्यायालय ने कहा कि इन ऐक्शन प्लान को कोऑर्डिनेशन बैठक में दक्षिण जिले के प्रधान जिला न्यायाधीश से मंजूर कराना जरूरी है जिसके बाद इन्हें लागू किया जा सकता है। अदालत ने देखा कि एम्स ने तय जगहों पर मरीजों और उनके तीमारदारों की मदद के लिए एक रिपोर्ट पेश की है जिसमें रहने की जगह, आने-जाने की सुविधाएं सुरक्षा, सफाई, खाने की मदद और निगरानी जैसी सुविधाओं पर फोकस किया गया है।
रिपोर्ट में क्या बताया?
एम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि डीयूएसआईबी, एनडीएमसी, एमसीडी, सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर इस दिशा में काम को तेज किया गया है। एम्स ने अपने परिसर के पास रैन बसेरों को बेहतर बनाया है जहां सभी 750 बिस्तर भरे हुए हैं। यही नहीं अस्पताल के सुरक्षा कर्मचारियों ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर फुटपाथ पर प्रतीक्षा कर रहे मरीजों को निर्धारित तंबू लगे कैंप में स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए हैं।




साइन इन