दिल्ली में जल निकासी के लिए मास्टर प्लान, रेखा गुप्ता सरकार 4 परियोजनाओं पर तेजी से काम करेगी
दिल्ली सरकार ने राजधानी में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए चार बड़े जल निकासी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जल निकासी मास्टर प्लान से दिल्ली के बड़े हिस्से को मानसून की बार-बार आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत मिलेगी।

दिल्ली सरकार ने राजधानी में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए चार बड़े जल निकासी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि दिल्ली की भौगोलिक स्थिति, बार-बार होने वाले जलभराव, बढ़ती जनसंख्या और भविष्य के लिए तैयार बुनियादी ढांचे की जरूरत को ध्यान में रखते हुए जल निकासी मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इन परियोजनाओं से दिल्ली के बड़े हिस्से को मानसून की बार-बार आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत मिलेगी। यह राजधानी के शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में यह एक निर्णायक कदम होगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, मुंडका सप्लीमेंट्री ड्रेन, एमबी रोड स्टॉर्मवॉटर ड्रेन, किराड़ी-रिठाला ट्रंक ड्रेन और रोहतक रोड के किनारे स्थित स्टॉर्मवाटर ड्रेन को दिल्ली के जल निकासी के लिए विकसित किया जा रहा है। इन मुख्य नालियों से यमुना में बारिश का पानी तेजी से निकल सकेगा और सीवरेज नेटवर्क पर दबाव भी कम होगा।
मुंडका सप्लीमेंट्री ड्रेन
अधिकारियों ने बताया कि किरारी, मुंडका, बावाना और नांगलोई में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या को हल करने के लिए, मुंडका हॉल्ट स्टेशन से रेलवे लाइन के समानांतर 4.5 किलोमीटर लंबी मुख्य नाली प्रस्तावित है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा 220.93 करोड़ रुपए की लागत से कार्यान्वित की जा रही यह परियोजना 1520 एकड़ के जलग्रहण क्षेत्र को कवर करेगी और इसकी जल निकासी क्षमता 760 क्यूसेक है।
यह नाली अपने साथ कई सेकेंडरी नालियों को जोड़ेगी और आगे चलकर सप्लीमेंट्री नाली में मिल जाएगी। इससे एक एकीकृत जल निकासी प्रणाली बनेगी। यह कार्य रेलवे की जमीन पर किया जाएगा। इसके लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद 15 महीनों के भीतर इसके पूरा होने की उम्मीद है।
एमबी रोड स्टॉर्मवॉटर ड्रेन
अधिकारियों ने बताया कि 387.84 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली एक तूफानी जल निकासी परियोजना से दक्षिण दिल्ली के इलाकों, विशेष रूप से लाडो सराय टी-पॉइंट से पुल प्रहलादपुर तक एमबी रोड के हिस्से में जलभराव को रोका जा सकेगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही इस परियोजना में 11.38 किलोमीटर सड़क और दोनों ओर 22.76 किलोमीटर लंबी नालियां शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि ढाई साल में पूरी होने वाली इस परियोजना में फुटपाथों का निर्माण और करीब 500 पेड़ों का प्रत्यारोपण या कटाई भी शामिल है।
किराड़ी-रिठाला ट्रंक ड्रेन
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में डीडीए द्वारा 250.21 करोड़ रुपए की लागत से 7.2 किलोमीटर लंबी किराड़ी-रिठाला मुख्य नाली का निर्माण किया जा रहा है। इसकी जल निकासी क्षमता 1160 क्यूसेक है। इसके अलावा रोहतक रोड (एनएच-10) पर जल निकासी व्यवस्था में सुधार का काम 184 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से चल रहा है। इसे मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।




साइन इन