आउटर रिंग रोड पर फर्राटा भरेंगे वाहन, ट्रैफिक जाम से मुक्त होंगे कई इलाके; दिल्ली सरकार का क्या प्लान
दिल्ली की सबसे व्यस्त ट्रैफिक जोन में से एक आउटर रिंग रोड को जाम से निजात दिलाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली सरकार ने केशोपुर डिपो के पास स्थित आईएफसी सप्लीमेंट्री ड्रेन से हैदरपुर तक नए फ्लाईओवर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दिल्ली की सबसे व्यस्त ट्रैफिक जोन में से एक आउटर रिंग रोड को जाम से निजात दिलाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली सरकार ने केशोपुर डिपो के पास स्थित आईएफसी सप्लीमेंट्री ड्रेन से हैदरपुर तक नए फ्लाईओवर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर से केशोपुर, हैदरपुर, पंजाबी बाग, पीतमपुरा, शालीमार बाग, रोहिणी और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आसपास के इलाकों के लाखों यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी, जो लंबे समय से पीक ऑवर्स में भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे हैं।
सार्वजनिक परिवहन को आसान बनाएगी
यह परियोजना आउटर रिंग रोड पर मौजूद प्रमुख बॉटलनेक्स को दूर करने, जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने और रोज़ाना ऑफिस जाने वाले लोगों, सार्वजनिक परिवहन, वाणिज्यिक वाहनों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
योजनाबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत, लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के लिए विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन के लिए कंसल्टेंसी सेवाओं को मंजूरी दे दी है। इस अध्ययन में ट्रैफिक वॉल्यूम, इंजीनियरिंग डिजाइन, पर्यावरणीय प्रभाव और दीर्घकालिक स्थिरता जैसे सभी पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि परियोजना भविष्य की जरूरतों के अनुरूप और बिना किसी देरी के क्रियान्वित हो सके।
ठोस योजना, तेज क्रियान्वयन और स्थायी समाधान
इस अवसर पर दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह फ्लाईओवर दिल्ली के उन लाखों नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध किया जा रहा है, जो वर्षों से ट्रैफिक जाम झेल रहे हैं। केशोपुर, हैदरपुर, पंजाबी बाग, पीतमपुरा, शालीमार बाग और पूरी रोहिणी बेल्ट पर भारी ट्रैफिक का दबाव रहा है। माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में हमारी सरकार साफ इरादे के साथ आगे बढ़ रही है। पहले ठोस योजना, फिर तेज क्रियान्वयन और स्थायी समाधान।
उन्होंने आगे कहा कि अब अधूरी और जल्दबाजी में बनाई गई परियोजनाओं का दौर खत्म हो चुका है। आउटर रिंग रोड से जुड़ा हर बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तकनीकी मजबूती, पारदर्शिता और सख्त समयसीमा के आधार पर ही आगे बढ़ेगा ताकि दिल्ली को स्थायी राहत मिल सके।
जवाबदेह शासन के प्रति प्रतिबद्धता
व्यवहार्यता अध्ययन पूरा होने के बाद यह परियोजना तेजी से क्रियान्वयन के चरण में प्रवेश करेगी, जिससे आउटर रिंग रोड के सभी प्रमुख चोक-पॉइंट्स का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा और यह परियोजना दिल्ली की दीर्घकालिक ट्रैफिक प्रबंधन एवं शहरी विकास नीति के अनुरूप होगी। यह पहल दिल्ली सरकार की योजनाबद्ध इंफ्रास्ट्रक्चर, जाम-मुक्त सड़कों और जवाबदेह शासन के प्रति प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित करती है।




साइन इन