दिल्ली वालों की आमदनी बढ़ेगी, प्रति व्यक्ति आय 7.92 फीसदी बढ़ने का अनुमान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की आर्थिक समीक्षा पेश की जिसमें प्रति व्यक्ति आय 5,31,610 रुपये तक पहुंचने और राष्ट्रीय औसत से ढाई गुना अधिक होने का अनुमान है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में 2025-26 की आर्थिक समीक्षा पेश की जो राष्ट्रीय राजधानी की मजबूत अर्थव्यवस्था को दिखाती है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 5,31,610 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है जो राष्ट्रीय औसत से ढाई गुना अधिक है। दिल्ली का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 9.42 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 13,27,055 करोड़ रुपये होने की संभावना है। यही नहीं दिल्ली सरकार को 9,661,31 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष मिलने की उम्मीद है।
प्रति व्यक्ति आय 5,31,610 रुपये तक पहुंचने
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को विधानसभा में आर्थिक समीक्षा 2025.26 पेश की। आर्थिक समीक्षा के अनुसार, मौजूदा कीमतों पर अग्रिम अनुमान के अनुसार, 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय 5,31,610 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है जो 2024-25 के मुकाबले 7.92 फीसदी की वृद्धि को दिखाता है।
दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक रहने का अनुमान
समीक्षा के अनुसार, 2025-26 के दौरान दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से लगभग ढाई गुना अधिक रहने का अनुमान है। 2025-26 के लिए अनुमानित राजस्व अधिशेष 9,661.31 करोड़ रुपये है जो सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 0.73 फीसदी है।
टैक्स कलेक्शन 15.54 फीसदी बढ़ने का अनुमान
मौजूदा कीमतों पर 2025-26 के दौरान दिल्ली का सकल राज्य घरेलू उत्पाद अग्रिम अनुमान के अनुसार; 13,27,055 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है जो 2024-25 की तुलना में 9.42 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है। आर्थिक समीक्षा रिपार्ट में कहा गया है कि 2025-26 में दिल्ली सरकार का कर संग्रह सालाना आधार पर 15.54 फीसदी बढ़ने का अनुमान है।
पिछली बार से अधिक आवंटन
वित्त वर्ष 2025-26 का बजट 1,00,000 करोड़ रुपये का था, जिसमें से 59,300 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा परियोजनाओं के लिए आवंटित किए गए हैं। यह राशि 2024-25 के बजट अनुमान में निर्धारित 39,000 करोड़ रुपये की तुलना में 20,300 करोड़ रुपये अधिक है।
हलवा समारोह का आयोजन
दिल्ली सरकार ने बजट सत्र से पहले विधानसभा में हलवा समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आगामी बजट विकास की गति तेज करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और निवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाने पर केंद्रित होगा। सरकार निवासियों की लंबे समय से लंबित आकांक्षाओं को पूरा करने और दिल्ली के विकास को एक नई गति देने के लिए काम कर रही है। बजट में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना और स्वच्छ हवा के साथ हरित राजधानी सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम शामिल होंगे।




साइन इन