बेटा 10 मिनट सड़क पर तड़पा होगा; द्वारका हिट एंड रन में मारे गए साहिल की मां का दर्द छलका
दिल्ली के द्वारका में हुए हिट एंड रन केस में मारे गए साहिल की मां का दर्द छलका है। उन्होंने बताया कि मेरा बेटा 10 मिनट तक तड़पता रहा होगा, लेकिन किसी ने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।

Dwarka Hit and Run: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में हुए दर्दनाक हिट एंड रन हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। 23 वर्षीय युवक की मौत के बाद उसकी मां ने अपना दर्द साझा किया है। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा 10 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा, मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया।” मां का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर एंबुलेंस मौजूद थी, फिर भी उनके बेटे को तुरंत इलाज नहीं मिला। अब परिवार न्याय की मांग कर रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगा रहा है।
द्वारका इलाके में 3 फरवरी को सड़क हादसे में 23 वर्षीय साहिल धनशेरा की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतक की मां इन्ना माकन ने दावा किया है कि जिस एसयूवी से टक्कर हुई, उस पर पहले से 13 चालान दर्ज थे, जिनमें अधिकांश ओवरस्पीडिंग के थे और कई उत्तर प्रदेश में काटे गए थे।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, एसयूवी गुरुद्वारे की दिशा से आ रही थी, जबकि साहिल अपनी बाइक से विपरीत दिशा से आ रहा था। दोनों के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के बाद एसयूवी घूमते हुए सड़क किनारे खड़ी एक कैब से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में कैब चालक भी घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है।
“मेरा बेटा सड़क पर तड़प रहा था”
इन्ना माकन ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। उन्होंने कहा, “मैं तुरंत मौके पर पहुंची। मेरा बेटा सड़क पर पड़ा था। उसकी जैकेट फटी हुई थी। हालत बेहद खराब थी। मुझे लगा वह करीब 10 मिनट तक चिल्लाता रहा होगा। एंबुलेंस वहां थी, लेकिन उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया।” परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक साहिल की मौत हो चुकी थी।
बिना लाइसेंस एसयूवी चला रहा था नाबालिग
पुलिस जांच में सामने आया है कि एसयूवी एक नाबालिग चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। हादसे के बाद उसे हिरासत में लिया गया, लेकिन बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए उसे अंतरिम जमानत मिल गई है।
इन्ना माकन ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटे के अंतिम संस्कार में व्यस्त होने के कारण उन्हें आरोपी के जमानत पर रिहा होने की जानकारी बाद में मिली।




साइन इन