दोषी अफसरों को होगी जेल, मालवीय नगर अग्निकांड के बाद CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला
दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सीएम रेखा गुप्ता एक के बाद एक ऐक्शन लेते नजर आ रही हैं। अब इस तरह के किसी भी हादसे में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी ऐक्शन की तैयारी की जा रही है।

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ताबड़तोड़ ऐक्शन लेती नजर आ रही हैं। दिल्ली में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर ऐक्शन और सीलिंग की कार्रवाई के बाद अब संबंधित विभाग के अधिकारियों पर भी गाज गिरने वाली है। सीएम रेखा गु्प्ता ने साफ कहा है कि आग लगने, अवैध निर्माण, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और ऐसे सभी मामलों में से जुड़े विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसके लिए सख्ती से कानून लागू कर दिया गया है जिसमें दोषी पाने पर अधिकारियों को दो साल की जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ कर दिया है कि मालवीय नगर जैसी आग की घटनाओं, अवैध निर्माण, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और इंसानी जिंदगी को खतरे में डालने वाले मामलों में अब संबंधित विभागों के दोषी अधिकारियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, सरकार ने इसके लिए कानूनों को कड़ाई से लागू कर दिया है, जिसके तहत दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों को अधिकतम दो साल की जेल और भारी जुर्माने की सजा का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा हादसे को दौरान हुए नुकसान की भरपाई भी दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों की सैलरी, पेंशन या निजी संपत्ति से ही की जाएगी।
अवैध निर्माणों के खिलाफ ऐक्शन
उधर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भी शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली में अवैध इमारतों को ध्वस्त और सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी के दक्षिणी जोन में खानपुर के एमजी रोड के पास सुल्तानपुर इलाके में अवैध इमारतों और प्रतिष्ठानों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चिराग दिल्ली इलाके में भी इसी तरह की कार्रवाई किए जाने की संभावना है। मालवीय नगर के कुछ हिस्सों में भी तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक सैदुलाजाब क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के चलते 40 से अधिक मकानों को सील करने के लिए चिन्हित किया गया है। इसके अलावा, हौज रानी और मालवीय नगर में 'बेड-एंड-ब्रेकफास्ट' (बी एंड बी) योजना वाले कम से कम 12 होटलों को भी चिह्नित किया गया है। ये कार्रवाई मालवीय नगर के होटल में लगी आग के बाद की गई है। इस हादसे में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
अधिकारियों का कहना था कि दक्षिण दिल्ली में सैदुलाजाब, हौज खास गांव और आसपास के इलाकों में कई रेस्टोरेंट सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के तहत सुल्तानपुर के पास घिटोरनी इलाके में एक फार्महाउस में बनाए जा रहे दो मंजिला बाजार परिसर को ध्वस्त कर दिया जाएगा, क्योंकि मालिक ने जमीन का इस्तेमाल अवैध रूप से बदल दिया था। इस बाजार परिसर में कई लग्जरी दुकानें खोलने की योजना थी। एक अधिकारी ने बताया, तोड़फोड़ अभियान के लिए खुदाई मशीनों समेत भारी मशीनें लगायी गई हैं।
भाषा से इनपुट




साइन इन