खुद पर FIR के बाद 'सांता क्लॉज' संग थाना पहुंच गए सौरभ भारद्वाज, किया ये दावा
सौरभ ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि ईसाई टोपी पहनी महिलाओं और बच्चों को कथित तौर पर बजरंग दल से जुड़े कुछ लोगों की बदसलूकी का सामना करना पड़ा था।

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज शनिवार को 'सांता क्लॉज' संग अमर कॉलोनी थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 21 दिसंबर को अमृत पुरी (गढ़ी गांव) के बाजार में ईसाई औरतों और बच्चों संग बदसलूकी हुई थी। सौरभ ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि ईसाई टोपी पहनी महिलाओं और बच्चों को कथित तौर पर बजरंग दल से जुड़े कुछ लोगों की बदसलूकी का सामना करना पड़ा था।
आप नेता ने कहा है कि महिलाओं को इस दौरान धार्मिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा और साथ ही उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। यही नहीं ईसाई महिलाओं को इलाके से खदेड़ने की भी कोशिश की गई थी।
सौरभ भारद्वाज की मां है कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 299, 302, 196 और 79 के तहत एफआईआर दर्ज की जाए। गौरतलब है कि आप नेताओं के खिलाफ हाल में एफआईआर दर्ज हुई थी जिनमें सौरभ भारद्वाज के अलावा बुराड़ी विधायक संजीव झा और आदिल अहमद खान का नाम भी शामिल है। आप नेताओं ने क्रिसमस से पहले एक वीडियो बनाया था जिसमें ईसाई समुदाय के पवित्र प्रतीक की मॉकरी की थी।
इसी के बाद महिला वकील ने आप नेताओं के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि दिल्ली प्रदूषण पर व्यंग्य करते हुए सांता क्लॉज को बेहोशी की हालत में दिखाया गया था और ये सब जानबूझकर किया गया था। सांता क्लॉज को प्रॉप की तरह इस्तेमाल किया गया था ताकि ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा सके।




साइन इन