दिल्ली में लग्जरी फ्लैट्स को क्यों नहीं मिल रहे खरीदार? बढ़ाई गई बुकिंग डेट; जानें कीमत, लोकेशन और खासियत
दिल्ली में करोड़ों के फ्लैट्स को कोई खरीदना नहीं चाह रहा है। डीडीए दो बार बुकिंग डेट बढ़ा चुका है। आखिर क्या वजह है कि लोग खरीद नहीं रहे हैं। इसके साथ ही जानिए इनकी लोकेशन, खासियत, कीमत और आवेदन करने जैसी जरूरी बातें।

दिल्ली में लग्जरी फ्लैट्स खरीदने के लिए खरीददार नहीं मिल रहे हैं। आलम यह है कि डीडीए अब तक बुकिंग डेट दो बार बढ़ा चुकी है। लेकिन फिर भी उसके फ्लैट्स नहीं बिक पा रहे हैं। अब आप सोच रहे होंगे, आखिर ऐसा क्यों? कहां हैं ये फ्लैट्स? क्या कीमत है? तो इन सभी जानकारी को जानने के लिए बने रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ।
दरअसल, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ईस्ट दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट DDA Towering Heights Housing Scheme 2026 के फ्लैट्स की बुकिंग की आखिरी तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। सभी फ्लैट्स को ग्राहक न मिलने की वजह आसान और कम शब्दों में कहें, तो उनका महंगा होना है। अब आगे समझिए कब-कब बढ़ाई गई बुकिंग डेट। साथ ही जानिए अंतिम डेट।
दो बार बढ़ाई गई बुकिंग डेट
- फ्लैटों की बुकिंग 23 जनवरी 2026 (बसंत पंचमी) से शुरू हुई थी।
- पहले बुकिंग की आखिरी तारीख 31 मार्च 2026 थी।
- बाद में इसे बढ़ाकर 31 मई 2026 किया गया।
- अब DDA ने एक बार फिर समय बढ़ाते हुए 30 जून 2026 तक कर दिया है।

क्यों बढ़ानी पड़ी बुकिंग की तारीख?
DDA ने दिसंबर 2025 में कड़कड़डूमा के इन फ्लैट्स की ई-नीलामी कराई थी। उस समय कुल 1026 फ्लैट बिक्री के लिए रखे गए थे, लेकिन केवल 178 फ्लैट ही बिक सके। इसके बाद जनवरी 2026 में DDA ने FCFS स्कीम शुरू की।
पहले बुकिंग की आखिरी तारीख 31 मार्च थी। बाद में इसे 31 मई तक बढ़ाया गया और अब दूसरी बार बढ़ाकर 30 जून 2026 कर दिया गया है। इससे साफ संकेत मिलता है कि DDA अभी भी खरीदारों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है।
इन फ्लैट्स को तगड़ा रिस्पॉन्स न मिलने की अन्य वजहें भी हैं। पहली महंगे फ्लैट्स के बाद दूसरी वजह है- हाउसिंग स्कीम में अभी सिर्फ 2 बीएचके फ्लैट्स ही निकले हैं। उसमें भी चुनिंदा फ्लैट्स को बेचा जा रहा है। तीसरी वजह ये भी कही जा रही है कि पूर्वी दिल्ली राजधानी के पिछड़े इलाकों में है। इसलिए यहां खरीददार अपना पैसा लगाने से हिचकिचा रहे हैं। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष चल रहा है, इसके चलते बाजार में अनिश्चितता का माहौल है। इसलिए भी लोग खरीदने को इच्छुक नहीं हैं।
कितनी है फ्लैट्स की कीमत?
इस प्रोजेक्ट में कुल 848 दो बेडरूम (2 BHK) फ्लैट उपलब्ध हैं। इनका आकार 140 से 195 वर्ग मीटर के बीच है। खरीदारों को अपनी तरफ खींचने के लिए DDA पहले ही पार्किंग शुल्क हटाने का फैसला कर चुका है। इससे फ्लैट की कीमत में लगभग 5 लाख से 12 लाख रुपये तक की कमी आई है।
- कीमत: लगभग 1.80 करोड़ रुपये से 2.40 करोड़ रुपये तक
- 741 फ्लैट आम खरीदारों के लिए
- 107 फ्लैट सरकारी संस्थानों के लिए रिजर्व
इन फ्लैट्स की खास बातें क्या हैं?
Towering Heights को दिल्ली के सबसे प्रीमियम रिहायशी प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है।
- Ready-to-Allot फ्लैट
- दिल्ली का पहला Transit Oriented Development (TOD) प्रोजेक्ट
- करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित
- 48 मंजिला और 155 मीटर ऊंची रिहायशी इमारत
- 20,000 वर्ग मीटर ग्रीन एरिया
- जॉगिंग ट्रैक, ओपन जिम
- क्रिकेट ग्राउंड और बैडमिंटन कोर्ट
- आधुनिक शहरी सुविधाएं
लोकेशन क्यों है खास?
यह प्रोजेक्ट कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। इसके पास बेहतर कनेक्टिविटी के मौके उपलब्ध हैं।
- ब्लू लाइन और पिंक लाइन मेट्रो कनेक्टिविटी
- NH-9 और NH-24 से आसान पहुंच
- आनंद विहार रेलवे स्टेशन नजदीक
- ISBT तक बेहतर कनेक्टिविटी
समझिए कैसे करना है आवेदन?
अगर आप भी इन लग्जरी फ्लैट्स को खीदना चाहते हैं, तो DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
- वेबसाइट: [https://eservices.dda.org.in](https://eservices.dda.org.in)
DDA का कहना है कि बढ़ी हुई समय-सीमा संभावित खरीदारों और सरकारी संस्थानों को अतिरिक्त मौका देने के लिए दी गई है। अगर आपका बजट 2 करोड़ रुपये के आसपास है और आप पूर्वी दिल्ली में प्रीमियम लोकेशन पर घर खरीदना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक अवसर हो सकता है।
खबर में इस्तेमाल की गई मुख्य तस्वीर प्रतीकात्मक है।




साइन इन