BJP वालों को लगता है मोदी जी देश के लिए सब कर रहे, लेकिन ऐसा नहीं; कांग्रेस नेता ने बोला पीएम पर हमला
कांग्रेस नेता ने कहा, 'बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं को लगता है कि मोदी जी देश के लिए सब कुछ कर रहे हैं, तो वे भी जान लें कि ऐसा नहीं है। मोदी जी सबसे पहले अपने पीआर (जनसम्पर्क) को प्राथमिकता देते हैं। भारत-पाक युद्ध के समय हमारे साथ एक भी देश नहीं खड़ा हुआ।

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि विदेश में रहने वाले भारतीय पहले खूब अच्छे से होली मनाते थे, लेकिन अब वैसा नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में पीएम मोदी की वजह से कई बड़े देशों में रहने वाले भारतीयों की कद्र कम हो गई है, और इसी वजह से अब उन पर हमले भी हो रहे हैं। यहां तक कि अब तो वीजा मिलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं पीएम के हाल ही में हुए इजराइल दौरे को भी उदित राज ने शक पैदा करने वाला बताया है और कहा है कि मोदी जी के वहां जाने का मकसद कुछ और ही था। इसके अलावा कांग्रेस नेता ने भाजपा व संघ कार्यकर्ताओं की उस सोच को भी गलत बताया है, कि पीएम देश के लिए सबकुछ कर रहे हैं। उदित राज का कहना है कि ऐसा नहीं है, और पीएम के लिए अपना पीआर सबसे बड़ा है।
'विदेश में होली नहीं मना पाए भारतीय'
कांग्रेस के पूर्व सांसद ने ये सारे आरोप एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लगाए। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'मोदी-मोदी खूब किया विदेशी धरती पर और अब परिणाम आने लगे हैं। भारतीय विदेश में रहकर पहले खूब होली मनाते थे और अब वो माहौल नहीं रहा। कनाडा, USA, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, यूके और अन्य देशों में अब इनकी कद्र कम हो गई है और हमले भी हो रहे हैं।'
'पीएम को विदेश नीति से ज्यादा पीआर में रुचि'
इसके आगे कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर पीआर में लगे रहने का आरोप लगाते हुए लिखा, 'मोदी जी विदेश नीति से ज़्यादा अपने पीआर के चक्कर में लगे रहे और हालात खराब होते गए। अब वीजा मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। इस समय इजाराइल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध छिड़ा है, और भारतीय सुरक्षा कारणों से गल्फ देशों से वापस लौट रहे हैं।'
'इजराइल दौरे के पीछे एपस्टीन फाइल का लगाया आरोप'
उदित राज ने आगे एकबार फिर पीएम पर अपने पीआर को पहले नंबर पर रखने का आरोप लगाते हुए लिखा, 'युद्ध के माहौल के बीच मोदी जी इजराइल पहुंचे और इससे लोगों की नजरों में शक पैदा हो गया कि वे क्या करने गए थे। मोदी जी खुद के पीआर के अलावा शेष बातों को दूसरे नंबर पर रखते हैं। लगता है एपस्टीन फाइल के राज को दबाने के लिए नेतन्याहू से मिलने गए थे। एपस्टीन की सलाह पर पहले इजराइल गए भी थे।'
'BJP व RSS कार्यकर्ता सच को समझें'
इसके बाद कांग्रेस के नेता ने लिखा, 'बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं को लगता है कि मोदी जी देश के लिए सब कुछ कर रहे हैं, तो वे भी जान लें कि ऐसा नहीं है। मोदी जी सबसे पहले अपने पीआर को प्राथमिकता देते हैं। भारत-पाक युद्ध के समय हमारे साथ एक भी देश नहीं खड़ा हुआ। खुद के लिए खूब सम्मान और अवॉर्ड लिए, लेकिन भारत देश के साथ खड़े होने की बात आई तो एक भी देश न साथ दिया।'




साइन इन