रेखा गुप्ता ने बताया स्कूलों पर क्या है दिल्ली सरकार का टारगेट, शिक्षामंत्री का 'स्मार्ट बोर्ड' वाला ऐलान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मानसरोवर गार्डन स्थित एक सर्वोदय विद्यालय में नए स्कूल भवन खंड का उद्घाटन किया और कहा कि उनकी सरकार स्कूलों में बुनियादी ढांचे और सीखने की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सरकारी स्कूलों के लिए 101 अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब्स का उद्घाटन किया गया है। इसके साथ ही मानसरोवर गार्डन स्थित एक सर्वोदय विद्यालय में नए स्कूल भवन खंड का उद्घाटन भी किया। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार स्कूलों में बुनियादी ढांचे और सीखने की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने मंगलवार को मानसरोवर में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रयोगशाला और दिलशाद गार्डन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का लक्ष्य दिल्ली सरकार के अधीन स्कूलों को अभिभावकों की पहली पसंद बनाना है, जो गुणवत्ता, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के मामले में निजी संस्थानों के बराबर या उनसे बेहतर हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में वास्तविक सफलता तब हासिल होगी, जब माता-पिता स्वयं अपने बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों का चुनाव करेंगे।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने में 'लाडली फाउंडेशन' और 'अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन' (एआईएफ) सहित सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि ऐसी साझेदारियों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में कुल 101 कंप्यूटर लैब स्थापित की गई हैं और अब तक 2,000 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं।
7 हजार स्मार्ट ब्लैकबोर्ड के लिए टेंडर, 4 साल में 21 हजार का टारगेट
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि शिक्षा में सार्थक बदलाव विज्ञापनों के बजाय कक्षा और प्रयोगशालाओं में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों में कक्षा और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) जैसी सुविधाओं पर खर्च को प्राथमिकता दे रही है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच डिजिटल अंतर को कम करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही 7,000 स्मार्ट ब्लैकबोर्ड के लिए निविदा जारी कर दी है। सरकार की योजना अगले चार वर्षों में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 21,000 कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने की है जिसके साथ पांच साल के रखरखाव की गारंटी भी दी जाएगी।
अब 40:1 का होगा अनुपात
शिक्षा निदेशक विदिता रेड्डी ने कहा कि मानसरोवर गार्डन में नवनिर्मित भवन से स्कूल में 29 नई कक्षाएं जुड़ गईं हैं। इससे छात्र-शिक्षक अनुपात को 55:1 से घटाकर लगभग 40:1 करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने के लिए स्कूल में एक कंप्यूटर लैब भी विकसित की जा रही है।




साइन इन