बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो के 24 KM रूट पर बनेंगे 10 नए स्टेशन, 4320 करोड़ की आएगी लागत
Ballabhgarh Palwal Metro Route : स्मार्ट सिटी फरीदाबाद से पलवल के बीच आवाजाही करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार की परियोजना को आखिरकार केंद्रीय शहरी विकास एवं आवासन मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है।

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद से पलवल के बीच आवाजाही करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार की परियोजना को आखिरकार केंद्रीय शहरी विकास एवं आवासन मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। इस 24 किलोमीटर लंबे रूट पर करीब 10 स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना पर अनुमानित लागत 4320 करोड़ रुपये आएगी। इसे तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट कॉरपोरेशन की देखरेख में निर्माण किया जाएगा।
पलवल और फरीदाबाद के हजारों छात्र रोजाना कॉलेज और विश्वविद्यालयों तक पहुंचने के लिए बसों या साझा वाहनों का सहारा लेते हैं। ट्रैफिक जाम और सावजनिक परिवहन की सुविधा न होने के कारण छात्रों को समय पर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मेट्रो शुरू होने से लोगों को एमवीएन, लिंग्याज, एशियन और डीएवी कॉलेज जैसे संस्थानों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। रोजगार के लिहाज से भी यह मेट्रो लाइन बड़ा बदलाव लाएगी।
दो साल पहले भी हो चुकी है घोषणा
पलवल से दो साल पहले भी मेट्राे परियोजना की घोषणा की जा चुकी है। जिस समय एलिवेटेड मेट्रो रूट की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 25 जून 2023 में की थी। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने गांव गदपुरी के पास रैली का आयोजन किया था। मनोहर लाल की घोषणा के दो दिन बाद ही मेट्रो के लिए धरातल पर काम शुरू हो गया था। मेट्रो परियोजना की टेक्नो फिजिबिलिटी स्टडी के लिए 26 जून को आदेश जारी हुए थे।
व्यावसायिक गतिविधियां और तेज होंगी
मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से फरीदाबाद और पलवल के बीच औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां और तेज होंगी। पलवल में नई औद्योगिक इकाइयों के आने की संभावना बढ़ेगी, क्योंकि आसान कनेक्टिविटी निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
डॉ. चंद्रशेखर खरे, प्रबंध निदेशक, एचएमआरटीसी, ''बल्लभगढ़-पलवल तक मेट्रो परियोजना का फिजिबिलिटी सर्वे जारी है। जल्द रिपोर्ट आने की उम्मीद है।''




साइन इन