‘BJP ने 1 साल में ही दिल्ली का सत्यानाश कर दिया’; रोहिणी हादसे पर बोले अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में एक सप्ताह के अंदर अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की गड्ढों में गिरकर हुई मौतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में एक सप्ताह के अंदर अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की गड्ढों में गिरकर हुई मौतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि इस लापरवाह सरकार ने एक साल में दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है। 'आप' के मुखिया का यह बयान मंगलवार को रोहिणी के बेगमपुर इलाके में एक खुले मैनहोल में गिरने से एक मजदूर की मौत के बाद आया है। इससे कुछ दिन पहले जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी।
अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा, ''BJP ने सिर्फ 1 साल में ही पूरी दिल्ली का सत्यानाश कर दिया है। इन्हें जनता की जान की भी कोई परवाह नहीं है। आखिर और कितनी जानें लेकर होश में आएगी ये लापरवाह सरकार?''
इससे पहले 6 फरवरी को जनकपुरी में हुए हादसे के बाद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा था, ''ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा। घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाज़ा आम जनता भुगत रही है। ईश्वर उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बच्चा खो दिया।''
खुले मैनहोल में गिरने से मजदूर की मौत
दिल्ली के रोहिणी के बेगमपुर में मंगलवार को एक खुले मैनहोल में गिरने से बिरजू कुमार राय नामक 32 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि मंगलवार दोपहर 2.36 बजे एक लापता व्यक्ति के रोहिणी सेक्टर-32 में डीडीए की खाली जमीन पर सीवर में गिरने की आशंका के बारे में सूचना मिली थी, जांच करने पर मैनहोल से एक मजदूर का शव बरामद किया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "बेगमपुर थाना पुलिस को इस संबंध में फोन पर सूचना मिली थी। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोन करने वाले बिहार निवासी आमिर हुसैन ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त बिरजू कुमार राय सोमवार से लापता है।''
दोस्त ने नशा उतरने पर पुलिस को बताया
प्रारंभिक जांच के दौरान, एक अन्य मजदूर बुधन दास उर्फ सूरज (33) ने पुलिस को बताया कि उसने और बिरजू ने सोमवार रात में शराब पी थी। उन्होंने कहा कि शाम करीब साढ़े सात बजे जब वे पास में स्थित अपनी झुग्गी में लौट रहे थे, तभी बिरजू का बैलेंस बिगड़ गया और वह खुले मैनहोल में गिर गया। पुलिस ने कहा कि बुधन दास ने रात में घटना के बारे में किसी को नहीं बताया क्योंकि वह नशे में था। अधिकारी ने कहा, "मंगलवार दोपहर को होश में आने के बाद उसने आमिर हुसैन से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई।"
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद, पुलिस ने दमकल विभाग, डीडीए और अन्य संबंधित एजेंसियों को सूचित कर बचाव अभियान शुरू किया। बाद में दमकल विभाग की मदद से व्यक्ति का शव खुले मैनहोल से बरामद किया गया।
(भाषा के इनपुट के साथ)




साइन इन