अरविंद केजरीवाल को बंगाल में भाजपा की जीत से क्या हैरानी, याद आई अपनी भी हार
आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को लेकर एक सवाल खड़ा किया है। केजरीवाल इस बात से हैरान हैं कि अब ‘भाजपा ने दिल्ली और बंगाल को कैसे जीत लिया जबकि पीएम की लोकप्रियता पाताल में जा रही है।’

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत से हैरान हैं। उन्होंने दिल्ली में अपनी हार का जिक्र करते हुए सवाल उठाया है कि 2016 में जो नहीं हो पाया वह 2026 में कैसे हो गया। केजरीवाल का मानना है कि तब मोदी वेव की चरम सीमा थी और अब पीएम मोदी की लोकप्रियता पाताल में हैं।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को नैतिक समर्थन के साथ ही अरविंद केजरीवाल ने मैदान में उतरकर प्रचार भी किया था। लेकिन ईवीएम से जब नतीजे निकले तो टीएमसी 15 साल की सत्ता से बेदखल हो चुकी थी। बंगाल में 15 साल बाद टीएमसी की ऐसी हार देखकर अरविंद केजरीवाल ने भी हैरानी जताई है। उन्होंने याद किया कि कैसे 2015-16 में भाजपा दिल्ली और बंगाल में महज 3 सीटें जीत पाई थी और अब दोनों ही जगह उसने सरकार बना ली है। भाजपा पर गड़बड़ी करके चुनाव जीतने का कई बार आरोप जड़ चुके केजरीवाल ने एक बार फिर सवाल उठाया कि ऐसा कैसे हुआ?
केजरीवाल ने कहा- तब नहीं तो अब कैसे
केजरीवाल ने बंगाल के जनादेश पर पहली प्रतिक्रिया में कहा, 'जिस दिल्ली और बंगाल को भाजपा 'मोदी वेव' की चरम सीमा पर नहीं जीत पाई... 2015 में दिल्ली में और 2016 में बंगाल में इनकी 3-3 सीट आई। उस दिल्ली और बंगाल को भाजपा ने तब जीत लिया जब मोदी जी की लोकप्रियता पूरे देश में पाताल में जा रही... कैसे?' अरविंद केजरीवला की पार्टी को भी पिछले साल की शुरुआत में इसी तरह की हार का सामना दिल्ली में करना पड़ा था। तीन बार के सीएम रहे अरविंद केजरीवाल भगवा लहर में खुद अपनी सीट भी हार गए थे, जिस तरह ममता बनर्जी ने सत्ता के साथ अपनी सीट भी गंवाई है।
AAP नेता बिफरे, ईरान युद्ध से भी तुलना
एक तरफ जहां अरविंद केजरीवाल भाजपा की जीत पर सवाल उठा रहे हैं तो दूसरी तरफ उनकी पार्टी के अन्य कई नेता भी बिफरे हुए हैं। आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने तो पश्चिम बंगाल चुनाव की तुलना ईरान युद्ध से कर डाली। संजय सिंह ने कहा, ‘ट्रंप ने ईरान से लड़ने के लिए 50 हज़ार सैनिक लगाए।मोदी ने ममता से लड़ने के लिए 2.5 (ढाई) लाख सैनिक लगाए। चुनाव हुआ या तमाशा?’




साइन इन