kaba madina singer saayoni ghosh reaction on tmc defeat and bjp win 'काबा-मदीना' गाने वालीं सायोनी घोष ने TMC हार के बाद भी दिखाए तेवर, क्या कहा?, India News in Hindi - Hindustan
More

'काबा-मदीना' गाने वालीं सायोनी घोष ने TMC हार के बाद भी दिखाए तेवर, क्या कहा?

जादवपुर की लोकसभा सांसद और बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री सायोनी घोष ने तृणमूल कांग्रेस का 15 साल पुराना शासन खत्म करने वाले जनादेश को विनम्रता से स्वीकार तो किया, लेकिन भाजपा और उसकी केंद्र सरकार पर कई आरोप भी लगाए। उन्होंने संघर्ष तेज करने की बात भी कही।

Tue, 5 May 2026 10:16 AMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share
'काबा-मदीना' गाने वालीं सायोनी घोष ने TMC हार के बाद भी दिखाए तेवर, क्या कहा?

हृदय मा छे काबा, नयने मदीना... चुनावी मंचों से मुसलमान वोटर्स को खुश करने के लिए यह गाना गाकर चर्चित हुईं तृणमूल कांग्रेस की सांसद सायोनी घोष ने पार्टी की हार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है। भाजपा को बधाई देने के साथ ही सायोनी घोष ने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए और साथ ही तेवर दिखाते हुए कहा कि उनका संघर्ष अब और तीव्र और उग्र होगा।

जादवपुर की सांसद और बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री-गायिका सायोनी घोष ने टीएमसी का 15 साल पुराना शासन खत्म करने वाले जनादेश को विनम्रता से स्वीकार तो किया, लेकिन केंद्र सरकार पर कई हथकंडे अपनाने के आरोप लगाए। सायोनी घोष ने लिखा, 'मैं भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में बंगाल की जनता के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करती हूं। बंगाल की मां-माटी मानुष का आभार व्यक्त करता हूं, जो हर सुख-दुख में हमारे साथ खड़ी रहीं।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राउंड का खेला; ममता बनर्जी 17 हजार वोट से आगे थीं, फिर कैसे 15000 से हार गईं

पार्टी की करारी हार के बाद सायोनी घोष ने ममता बनर्जी के प्रति अपना समर्पण जाहिर करते हुए कहा कि वह निडर और ऊंचे सिर के साथ खड़ी रहेंगी। घोष ने कहा, ‘जादवपुर लोकसभा के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध रहते हुए मैं निडर मन और ऊंचे सिर के साथ अपनी नेता ममती बनर्जी के प्रति समर्पित हूं। लोकतंत्र और इस महान राष्ट्र के एकता के ताने-बाने की रक्षा के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हूं।’

संघर्ष तीव्र और उग्र होगा: सायोनी घोष

अपने तेज तर्रार भाषण के लिए मशहूर हो चुकीं सायोनी घोष ने भाजपा और केंद्र सरकार पर धांधली के आरोप लगाए और कहा कि उनके प्रति संघर्ष और तेज होगा। घोष ने कहा, 'एक पार्टी के रूप में हमने हर बाधा का डटकर सामना किया है, चाहे वह केंद्रीय एजेंसियों की ओर से किया गया उत्पीड़न हो, मौन अदृश्य धांधली हो, केंद्र की वित्तीय नाकाबंदी हो, मीडिया ट्रायल हो, गिरफ्तारियां हों, झूठे मामले हों आदि। अब से यह संघर्ष और भी तीव्र और उग्र होगा। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस बंगाल और देश की मां-माटी मानुष के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। जय बांग्ला! जय हिंद!'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अवध ओझा पश्चिम बंगाल पर कर गए जल्दबाजी, 24 घंटे में ही लेना पड़ा यूटर्न

टीएमसी की हार में क्यों सायोनी के चर्चे

तृणमूल कांग्रेस की हार को लेकर शुरुआती तौर पर जो वजहें गिनाईं जा रही हैं उनमें सायोनी का भी जिक्र आता है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जिस तरह सायोनी ने राजनीतिक मंचों से इस्लामिक गीत 'हृदय मा छे काबा, नयने मदीना' गाया तो इसका पार्टी को फायदे से ज्यादा नुकसान हुआ। जैसा कि राजनीति में होता आया है कि एक पक्ष के संगठित होने पर दूसरी तरफ प्रतिक्रिया में भी गोलबंदी होती है। एक तरफ जहां सायोनी के गाने पर मुस्लिम वोटर्स खुश हुए तो दूसरी तरफ भाजपा के पक्ष में हिंदू वोटर्स की एकजुटता बढ़ गई। कहा जा रहा है कि पहले से ध्रुवीकरण की ओर बढ़ चुके पश्चिम बंगाल में सायोनी के गाने ने एक नई लहर पैदा की जिसने 'भगवा आंधी' को और तेज किया। 10 साल पहले महज 3 सीट जीतने वाली भाजपा ने इस बार दोहरा शतक लगा दिया।