केजरीवाल की जीत से तेजस्वी भी गदगद, अपने मामलों में जताई उम्मीद; क्या बोले?
अरविंद केजरीवाल की रिहाई के बाद तेजस्वी यादव ने भाजपा पर विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। जाने तेजस्वी यादव ने क्या बातें कहीं…

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को शराब नीति मामले में आरोप मुक्त किए जाने के बाद तमाम नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक द्वेष के कारण विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। केजरीवाल की जीत से उत्साहित तेजस्वी ने उम्मीद जताई कि उनके खिलाफ चल रहे मामलों में भी सच्चाई सामने आएगी।
भाजपा ईडी और सीबीआई का करती है इस्तेमाल
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमले पहले भी कहा है कि भाजपा सीबीआई, ईडी समेत सभी एजेंसियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हित के लिए करती है। अरविंद केजरीवाल को आरोप मुक्त किए जाने के बाद यह बात साबित हो गई है। कोर्ट ने तो यह भी कहा है कि सीबीआई के जांच अधिकारी पर भी केस होना चाहिए।
विपक्षी दलों के पीछे लगती हैं एजेंसियां
तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी विपक्षी दलों के पीछे एजेंसियां लगी रहती हैं। एजेंसियां गलत तरीके से गलत मुकदमा लगाती हैं। हम लोग पर भी ऐसा किया गया है। हम लोग सुप्रीम कोर्ट से डीए केस जीत चुके हैं। चाहे आईआरसीटीसी का केस हो या लैंड फॉर जॉब का मामला हो सीबीआई पहले भी तीन बार जांच कर के बंद कर चुकी है। यह मामला संसद में भी उठा। भाजपा लोगों का चरित्र हनन करने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग करती है।
हमें भी जगी उम्मीद
तेजस्वी यादव ने कहा कि अब जब अरविंद केजरीवाल जी बरी हुए हैं तो हम लोगों को भी अदालत पर भरोसा जगा है। हमें भी उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में हमें भी न्याय मिलेगा और हम भी केस जीतेंगे। हम लोग भी लड़ ही रहे हैं।
मामले में धांधली हुई
तेजस्वी यादव ने कहा कि सीबीआई ने केजरीवाल मामले में जिस तरह के आरोप पत्र दाखिल किए न्यायालय ने उन्हें गलत मानते हुए केजरीवाल को आरोप मुक्त कर दिया। इससे साफ है कि इस मामले में धांधली हुई है। ऐसे में सीबीआई अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।




साइन इन