दिल्ली में बारिश बनी काल! एलजी आवास के पास की दीवार ढही, मां-बेटे की मौत, 2 घायल
भीषण बारिश के बीच दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में उपराज्यपाल आवास के पास एक इमारत की दीवार ढहने से 40 वर्षीय महिला और उसके बेटे की मौत होने और दो अन्य लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।

दिल्ली में मंगलवार को तेज बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग ने ‘रेड अलर्ट’ जारी किया। भीषण बारिश के बीच दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में उपराज्यपाल आवास के पास एक इमारत की दीवार ढहने से 40 वर्षीय महिला और उसके बेटे की मौत होने और दो अन्य लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
मरने वालों और घायलों की जानकारी
अधिकारी ने बताया कि निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने की सूचना सुबह नौ बजकर 53 मिनट पर मिली। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मीरा और उनके 17 वर्षीय बेटे गणपत के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि मीरा का दूसरा बेटा दशरथ (19) और नन्हे (35) नाम का एक व्यक्ति इस दुर्घटना में घायल हो गया।
सौरभ भारद्वाज ने एलजी से किए सवाल
इस हादसे के बाद आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर एलजी वीके सक्सेना से सवाल करते हुए लिखा- दो मरे, कई घायल। दिल्ली को याद हैं कुछ महीने पहले तक LG साब दिल्ली के कोने कोने में जाकर सरकार की कमियाँ ढूंढा करते थे, वीडियो बनाते , ट्वीट करते , चिट्ठियाँ लिखते थे।
आज उनके राजभवन के सामने दीवार गिर गई , दो लोग मर गए, कई लोग घायल हैं। मगर LG साब अभी तक मिलने भी नई गए। ना ट्वीट, ना फोटो, ना चिट्ठी । अब दिल्ली की चिंता खत्म हो गई ? ऐसा क्यों ?
दिल्ली में जारी हुआ रेड अलर्ट
दिल्ली में मंगलवार को तेज बारिश के बीच ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव हो गया और लोगों को सुबह के व्यस्त समय में यातायात जाम की समस्या से जूझना पड़ा। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में इन इलाकों में हुई बारिश
आईटीओ, धौला कुआं, नारायणा, पटेल नगर, विजय चौक, जंगपुरा, आरके पुरम, लाजपत नगर, तालकटोरा रोड, रफी मार्ग और रोहिणी जैसे इलाकों में भारी बारिश हुई। पंचकुइयां रोड, मोती बाग, आईटीओ, मुखर्जी नगर और पुल प्रह्लादपुर सहित कई जगहों पर जलभराव की शिकायतें आईं जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
भाषा के इनपुट भी शामिल हैं।




साइन इन