वायरल वीडियो मामले में ऐक्शन, महिला SI सस्पेंड, SHO और SI लाइन हाजिर; विजिलेंस जांच के आदेश
सागरपुर थाने के अंदर का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली में एक बार फिर पुलिस और वकील आमने सामने आ गए। थाने के बाहर वकीलों के प्रदर्शन के बाद इस मामले में एक महिला एसआई को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, एसएचओ और एक अन्य महिला एसआई को लाइन हाजिर किया गया है।

सागरपुर थाने के अंदर का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली में एक बार फिर पुलिस और वकील आमने सामने आ गए। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में वकील सागरपुर थाने के बाहर जा पहुंचे और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई नहीं करने पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में सागरपुर थाने पहुंचने का ऐलान किया।
वकीलों के ऐलान बाद गुरुवार देर रात दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली पुलिस उपायुक्त ने कार्रवाई करते हुए एसएचओ सागरपुर और एक महिला एसआई को लाइन हाजिर कर दिया। जबकि एक महिला एसआई को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस उपायुक्त ने सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश भी दिए गए हैं। कार्रवाई के बाद वकीलों की समन्वय समिति ने कल होने वाला प्रदर्शन रद्द कर दिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो गया था। यह वीडियो एक रेप पीड़िता द्वारा बनाए जाने की बात कही जा रही थी। वायरल वीडियो में बयान दर्ज करने के लिए थाने पहुंची रेप पीड़िता के साथ पुलिसकर्मी बदसलूकी कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने वीडियो में वकीलों को लेकर अपशब्द कहे। पुलिसकर्मी वकीलों का थाने में प्रवेश बंद करने की बात भी कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार दोपहर को बड़ी संख्या में वकील सागरपुर थाने के बाहर पहुंच गए। वकीलों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
सूत्रों की माने तो वकीलों की बढ़ती संख्या देखकर एसएचओ थाने को छोड़ कर चले गए। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, वकीलों की समन्वय समिति ने चेतावनी दी कि अगर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो शुक्रवार को पूरी दिल्ली के वकील सागरपुर थाना पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
एसएचओ सहित तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
वकीलों का दवाब बढ़ने के बाद पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश जारी कर दिए। साथ ही एसएचओ सागरपुर और एक महिला एसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया। एक महिला एसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
कल होने वाला प्रदर्शन किया गया रद्द
वकीलों की समन्वय समिति की चेतावनी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा सागरपुर थाने के एसएचओ और एक अन्य महिला सब-इंस्पेक्टर को दक्षिण पश्चिम जिला लाइन भेज दिया है। इसके बाद जिला बार एसोसिएशन की समन्वय समिति ने कल थाने पर होने वाले प्रदर्शन को रद्द कर दिया है।




साइन इन