चंद्रगुप्त मौर्य ने गांधीजी के निर्देश पर किया था साम्राज्य विस्तार; CM का वीडियो शेयर कर ऐसा क्यों बोली AAP
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘गुरु तेग बहादुर जी, जिन्हें ‘हिन्द दी चादर’ कहा गया, उन्होंने ना केवल अपने धर्म को बल्कि दूसरों की आस्था को भी सुरक्षा दी।’ उन्होंने बताया कि पिछले 11 महीनों के कार्यकाल में हमने दिल्ली को मिनी इंडिया का रूप दिया।

दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सिखों के नौवें गुरु श्री तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को याद करते हुए उनके दिए योगदान पर सदन में चर्चा की गई। जिसमें मुख्मंत्री रेखा गुप्ता ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान बोलते हुए उन्होंने कहा, हमने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर दिल्ली में लाल किले पर भव्य समागम का आयोजन किया। जो कुछ भी हम कर पाए, यह गुरु साहब की मेहर से, उनकी मेहरबानी से ही हम कर पाए। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यकाल में किए कामों का जिक्र किया और इसी दौरान बोलते हुए उनसे एक ऐसी गलती हो गई जिसे आम आदमी पार्टी ने मुद्दा बना लिया। दरअसल दिल्ली के इतिहास का जिक्र करते हुए सीएम ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को याद किया और कहा कि उन्होंने कांग्रेस की बहरी सरकार के असेंबली में बम फोड़ा था। सीएम की इसी फिसली जुबान का वीडियो AAP नेता संजीव झा ने शेयर किया और कहा कि लगता है इतिहास अब रिमिक्स मोड में है।
'भगत सिंह ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ बम फेंका'
मुख्यमंत्री से फिसली जुबान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए दिल्ली की बुराड़ी सीट से AAP विधायक संजीव झा ने लिखा, 'आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने दिल्ली असेंबली में इतिहास का नया ‘अपडेटेड’ वर्ज़न पेश किया है। शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ अपना संघर्ष किया, उन्हें अब कांग्रेस की सरकार के खिलाफ बम फेंकने वाला बताया जा रहा है।'
संजीव झा बोले- इतिहास अब रिमिक्स मोड में है
इसके बाद उन्होंने गलत इतिहास बताने पर तंज कसते हुए कहा कि अगली बार ये भी सुनना पड़ सकता है कि चंद्रगुप्त मौर्य ने गांधी जी के कहने पर अपने साम्राज्य का विस्तार किया था। उन्होंने लिखा, 'तो क्या मैं सही समझ रहा हूं – स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश हुकूमत नहीं, कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी गई थी? लगता है इतिहास अब ‘रिमिक्स’ मोड में है। अगली बार हमें यह भी सुनना पड़ सकता है कि चंद्रगुप्त मौर्य ने अपने साम्राज्य का विस्तार गांधी जी के निर्देशन में किया था।'
दिल्ली के इतिहास का जिक्र करते हुए फिसली जुबान
दरअसल विधानसभा में दिल्ली के इतिहास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से यह गलती उस समय हुई, जब उन्होंने कहा, 'दिल्ली का अपना एक बहुत बड़ा इतिहास है, इस दिल्ली ने महाभारत काल में इंद्रप्रस्थ कहलाने के समय में जब धर्मराज युधिष्ठिर ने इसे सत्य और न्याय की राजधानी बनाया। इस दिल्ली ने महाराजा अग्रसेन के उन कामों को भी देखा, जब उन्होंने समता और धर्म सेवा को दिल्ली के हर एक व्यक्ति से जोड़ा। दिल्ली ने पृथ्वीराज चौहान की उस तलवार की वीरता की अमरगाथाएं भी सुनी हैं। दिल्ली ने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को भी देखा है, जब उन्होंने कांग्रेस की बहरी सरकार के खिलाफ असेंबली में बम फेंका था, उस क्रांति का बिगुल भी सुना है, और दिल्ली ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के 'दिल्ली चलो' के नारे को भी सुना है। तो दिल्ली की अपनी बहुत बड़ी जिम्मेदारियां हैं, क्योंकि दिल्ली केवल एक शहर नहीं है, यह भारत की आत्मा है और भारत की आत्मा से एकाकार होने के लिए हजारों लोग दिल्ली में आकर के बसते हैं और अपने पर्व और अपने त्योहार मनाते हैं।'




साइन इन