डिलीवरी बॉय के गलत डोरबेल बजाने से छिड़ी जंग, ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में जमकर चलीं लाठियां; VIDEO
दोनों तरफ से लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस के आते ही लड़के बाइकें छोड़कर फरार हो गए।

ग्रेटर नोएडा की निम्बस एक्सप्रेस पार्कव्यू सोसाइटी शनिवार रात जंग का मैदान बन गई। सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड और डिलीवरी बॉय के बीच हुई भयंकर मार-पीट हुई। दोनों तरफ से लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डिलीवरी बॉय ने बजाई गलत डोरबेल
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात इस सोसाइटी में एक डिलीवरी बॉय सामान पहुंचाने आया। मगर उसने किसी गलत फ्लैट की डोर बैल बजा दी। इससे फ्लैट मालिक उखड़ गए और डिलीवरी बॉय से बहस होने लगी। इसके छोटी सी बात वहीं खत्म होने के बजाय बढ़ती ही चली गई।
सोसाइटी गेट पर आ धमके लड़के
फ्लैट मालिक ने पहले तो अपने सिक्योरिटी गार्ड को इसके बारे में सूचित किया, तो मौके पर पहुंचे गार्ड से भी उस डिलीवरी बॉय की बहस होने लगी। मामला इतने में ही शांत नहीं हुआ, तो उस डिलीवरी बॉय ने अपने अन्य साथियों को सोसाइटी में बुला लिया। देखते ही देखते थोड़ी देर बाद कुछ लड़के बाइकों पर सवार होकर सोसाइटी गेट पर आ धमके। और बहस होने लगी।
जमकर चले लाठी-डंडे, लात-घूंसे
पहले बहस फिर हाथ-पांव और फिर लाठी डंडे। देखते ही देखते निम्बस सोसाइटी जंग का मैदान बन गया। दोनों तरफ के लोग लाठी-डंडे बरसाने लगे। आव देखा न ताव और एक दूसरे को मारने-पीटने लगे। इसी समय किसी ने पुलिस को सूचित किया, तो जैसे ही मौके पर जवान पहुंचे बाहर से आए लड़के रफु चक्कर हो गए।
बाइकें छोड़ फरार हुए लड़के
मारे डर वो लड़के ऐसे भागे कि अपनी बाइकें भी सोसाइटी में ही छोड़ गए। पुलिस ने गाड़ियों को जब्त कर लिया। इसी दौरान वहां मौजूद शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया था, जो बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में गाली-गलौज भी हैं।




साइन इन