6.72 लाख आयुष्मान कार्ड, 283 आरोग्य मंदिर; LG ने बताया 10 महीनों में रेखा गुप्ता सरकार ने क्या-क्या किया
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने अपने 10 महीनों में जनता की भलाई के लिए कई कदम उठाए हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने अपने 10 महीनों में जनता की भलाई के लिए कई कदम उठाए हैं। एलजी ने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और यमुना नदी की सफाई को सरकार की टॉप प्राथमिकताओं में गिनाया।
सक्सेना ने कहा कि सरकार ने अपने 10 महीने के कार्यकाल के दौरान जनता की भलाई के लिए कई कदम उठाए, इसके बावजूद कि प्रशासन में बैठे लोगों की सुस्ती और नकारात्मकता उसकी "सबसे बड़ी चुनौतियां" थीं। हालांकि, एलजी के संबोधन के दौरान जब विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (आप) के कई विधायकों संजीव झा, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह ने बोलने की कोशिश की तो स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने उन्हें सदन से बाहर निकाल दिया।
एलजी ने कहा कि अब तक सरकार ने 6.72 लाख आयुष्मान हेल्थ कार्ड जारी किए हैं, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2.62 लाख वय वंदना कार्ड शामिल हैं। सरकार ने पूरे शहर में 383 आयुष्मान आरोग्य मंदिर चालू किए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने सड़कों और फ्लाईओवर के निर्माण सहित इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 28,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। नंद नगरी फ्लाईओवर का काम तय समय से पहले पूरा हो गया और बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना इस साल मई तक पूरी होने की उम्मीद है।
सक्सेना ने कहा कि फरवरी 2025 में कार्यभार संभालने के बाद से सरकार ने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और अन्य उपायों को विकसित करके यमुना की सफाई और कायाकल्प पर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ काम करना शुरू कर दिया है।
एलजी के अभिभाषण की मुख्य बातें
● दिल्ली सरकार ने इस बार पहली बार एक लाख करोड़ का बजट पास किया
● 75 डिजिटल सर्विसेज शुरू की गई हैं, ई आफिस की शुरुआत की गई है
● 21 वर्षों से व्यापारियों के लिए अनिवार्य पंजीकरण को खत्म कर दिया गया है
● मौजूदा श्रम कानूनों को समाहित करते हुए श्रम संहिताएं लागू की गई हैं
● बहुत कम समय मे अधिक सुधार करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार
● स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट का 13 प्रतिशत आवंटन किया गया है जो अन्य क्षेत्रों में सर्वाधिक है
● 188 अस्पताल आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध किए गए हैं। 19,287 मरीजों का इसके तहत उपचार हो चुका है
● एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई कदम उठाए गए हैं
● मेरी सरकार गुणवत्ता परक शिक्षा के लिए प्रयासरत है
● कक्षा 9 से 12 तक स्मार्ट कक्षाओं की व्यवस्था की जा रही है
● खेल प्रोत्साहन राशि को दोगुने से भी अधिक कर दिया गया है
● मेरी सरकार ने कैपिटल एक्सपेंडिचर को दोगुना करते हुए 28000 करोड़ का प्रवधान किया है
● सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के क्रम में मेट्रो फेज चार के लिए 3,300 करोड़ के बजट को मंजूरी दी है
● जलभराव दिल्ली की एक लंबी समस्या रही है। इसे दूर करने के लिए अन्य उपायों के साथ ड्रेनेज मास्टर प्लान भी तैयार किया जा रहा है
● 100 में से 45 अटल कैंटीन शुरू कर दी गई हैं। शेष भी जल्द शुरू कर दी जाएंगी
● यमुना की सफाई के लिए भी अनेक योजनाओं पर काम चल रहा है। नए एसटीपी बनाए जा रहे हैं, पुरानों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। नालों का पानी उसमें गिरने से रोका जा रहा है
● पीएम स्वामित्व योजना के तहत दिल्ली में पहली बार लालडोरा क्षेत्र में रहने वालों को स्वामित्व का अधिकार दिया जाएगा
● जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए दिल्ली मित्र ऐप की परिकल्पना की गई है
● ग्रैप के दौरान प्रभावित होने वाले निर्माण श्रमिकों को 10 हजार की आर्थिक सहायता दी गई है
● 1984 के सिख दंगा पीड़ितों के आश्रितों को नौकरी देने के लिए सरकार ने नई नीति बनाई है। अब तक 56 लोगों को नौकरी दी गई है
● प्रदूषण नियंत्रण के लिए भी मेरी सरकार निरंतर प्रयासरत है। पूरे साल के लिए योजना बनाई गई है
● पीपीपी मॉडल पर होलम्बी कलां में दिल्ली का पहला ई वेस्ट प्लांट लगाने के लिए प्रयास कर रही है
● एक व्यापक सड़क पुनर्विकास योजना पर काम किया जा रहा है




साइन इन