घर में लगी भीषण आग तो, भयानक करंट वाले तारों पर चलकर बचाई जान; दिल्ली का VIDEO वायरल
इस घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘PCR कॉल मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल अंकित ने देखा कि पहली मंजिल पर एक आदमी फंसा हुआ है, जबकि आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी।’

दिल्ली में हाल ही में एक मकान में भीषण आग लग गई, इस दौरान एक शख्स उस मकान के अंदर ही फंस गया। लेकिन इसके बाद उस शख्स ने अपनी जान बचाने के लिए जो कुछ किया उसे जानकर लोग ना सिर्फ हैरान हो रहे हैं, बल्कि उसके लिए उस शख्स की बहादुरी की तारीफ भी कर रहे हैं। दरअसल मकान की पहली मंजिल पर फंसने के बाद भी उस आदमी ने हिम्मत नहीं हारी और वह घर की बालकनी के सामने से गुजरे बिजली के तारों पर चलकर पड़ोस के मकान तक पहुंच गया, जहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे ऊपर खींचकर उसे बचा लिया।
इस घटना की जानकारी देते हुए गुरुवार को पुलिस ने बताया कि यह घटना 12 अप्रैल को बाहरी उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में हुई थी। जिसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस दौरान मकान की पहली मंजिल पर भीषण आग लग गई थी, जो बेहद तेजी से फैल भी रही थी। इसी दौरान 41 वर्षीय तुषार अनुराग उस घर की पहली मंजिल पर फंस गया था। हालांकि इसके बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी।
करंट वाले तारों पर चलकर बचाई जान
इस घटना के सामने आए वीडियो में तुषार अपनी बालकनी में खड़ा बेहद डरा हुआ दिखाई दे रहा है। इसी बीच आग के बेकाबू होने जाने पर वह बालकनी के सामने से गुजर रहे हाईवोल्टेज वाले बिजली के तारों पर उतर जाता है, और फिर अपनी जान बचाने के लिए तारों पर धीरे-धीरे आगे बढ़ता हुआ दिखाई देता है। गिरने से बचने के लिए वह संतुलन बनाने के लिए ढीले तारों को कसकर पकड़ते हुए आगे बढ़ता है, जबकि उसके पीछे आग की लपटें तेजी से भड़कती नजर आती हैं।
इस वजह से तुषार को नहीं लगा करंट
इसके बाद इस तरह धीरे-धीरे चलकर तुषार जैसे ही दूसरे मकान के पास पहुंचता है, बगल वाली बालकनी पर मौजूद दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल उसे ऊपर खींच लेते हैं, जिसके बाद तुषार की जान बच जाती है। इस पूरी घटना को सड़क पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। तुषार को करंट इसलिए नहीं लगा क्योंकि बालकनी के पास से जो तार गुजर रहे हैं वो सब इंसुलेशन वाले तार हैं, यानि उन पर प्लास्टिक की एक परत चढ़ी हुई है।
दमकल की गाड़ियों ने पहुंचकर बुझाई आग
इस घटना की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'PCR कॉल मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल अंकित ने देखा कि पहली मंजिल पर एक आदमी फंसा हुआ है, जबकि आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी।' इसके तुरंत बाद, दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और उन्होंने मकान में लगी आग बुझा दी।
पुलिस ने बताया कि आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, और विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के साथ बताया जा रहा है कि यह आग उस घर में रहने वाले लोगों के बीच हुए पारिवारिक विवाद के बाद भड़की थी।




साइन इन