नोएडा एयरपोर्ट के पास यमुना सिटी में बनेगा 30 एकड़ का नया फूड पार्क, कंपनी को जल्द मिलेगी जमीन
उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक और फूड पार्क बनेगा। इसके लिए सेक्टर-24 में कंपनी को 30 एकड़ भूमि आवंटित की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक और फूड पार्क बनेगा। इसके लिए सेक्टर-24 में कंपनी को 30 एकड़ भूमि आवंटित की जाएगी।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के पास एग्रो हब (कृषि निर्यात केंद्र) के तहत इनोवा फूड पार्क कोलार (कर्नाटक) यह केंद्र स्थापित करेगा। यहां कृषि और बागवानी उत्पादों की जांच, ग्रेडिंग और पैकेजिंग की आधुनिक सुविधाएं होंगी। साथ ही उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किया जाएगा। एग्रो हब की कार्गो टर्मिनल से दूरी करीब 10 किलोमीटर होगी, जिससे सामान का परिवहन तेज और सस्ता होगा। इससे बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। डेयरी प्लांट और अन्य औद्योगिक इकाइयों के साथ ही स्थानीय फल अमरूद, बेल, आम, आंवला सहित अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात किया जाएगा।
प्रमुख सचिव रविंद्र कुमार बुधवार को कंपनी के पदाधिकारियों के साथ यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-24 पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात की और बाद में कंपनियों के पदाधिकारियों ने यहां बनने वाली परियोजना का प्रेजेंशन दिया। अब प्राधिकरण ने फूड पार्क को जमीन आवंटित करने के लिए एलओआई जारी करने की तैयारी कर ली है। संभावना है कि जल्द ही कंपनी को जमीन मिल जाएगी।
फूड प्रोसेसिंग यूनिट का काम शुरू
यमुना सिटी के सेक्टर-24 और सेक्टर-24ए में पतंजलि आयुर्वेद को भी 300 और 130 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यहां पतंजलि ने मेगा फूड पार्क के साथ फूड प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण शुरू कर दिया है। यहां 10 लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता की डेयरी स्थापित की जाएगी और स्थानीय पशुपालकों को इससे जोड़ने के लिए गांवों का कलस्टर बनाकर 100 से ज्यादा कलेक्शन सेंटर और चिलर प्लांट भी बनेगा। यहां चीज, पनीर समेत बड़ी मात्रा में दुग्ध उत्पाद बनाए जाएंगे।
आर.के. सिंह, सीईओ, यमुना विकास प्राधिकरण, ''इनोवा फूड पार्क को विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए कंपनी के पदाधिकारियों ने जमीन देख ली है। कंपनी को जल्द ही जमीन आवंटित की जाएगी।''




साइन इन