25 km long Gurugram Farrukhnagar road to be 4-Lane 10 villages to benefit, access to KMP becomes easier 25 KM लंबा गुरुग्राम-फर्रुखनगर रोड होगा 4 लेन; 10 गांवों तक फायदा, KMP पर जाना भी आसान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

25 KM लंबा गुरुग्राम-फर्रुखनगर रोड होगा 4 लेन; 10 गांवों तक फायदा, KMP पर जाना भी आसान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से फर्रुखनगर से तक 25 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की घोषणा की। 365 करोड़ की लागत से सड़क को दो से लेन से चार लेन का किया जाएगा। इसमें चंदू बाईपास का निर्माण भी शामिल है।  

Mon, 23 March 2026 07:18 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
25 KM लंबा गुरुग्राम-फर्रुखनगर रोड होगा 4 लेन; 10 गांवों तक फायदा, KMP पर जाना भी आसान

गुरुग्राम आए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से फर्रुखनगर से तक 25 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की घोषणा की। 365 करोड़ की लागत से सड़क को दो से लेन से चार लेन का किया जाएगा। इसमें चंदू बाईपास का निर्माण भी शामिल है। इस सड़क से 10 गांवों को सहूलियत के साथ ही और केएमपी एक्सप्रेसवे पर आना-जाना भी आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने रविवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की मांग पर क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं कीं। इन योजनाओं से बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम मिलेंगे। गुरुग्राम-फर्रुखनगर सड़क से रोजाना से 15 से 20 हजार वाहन दौड़ते हैं। इस सड़क से खेड़ा झांजरौला, सुल्तानपुर, कालियावास, इकबालपुर, साढ़राणा, गढ़ी हरसरू, चंदू, बुढेडा, माकरौला, धनकोट और बसई गांव जुड़ा है। इसके अलावा इस सड़क से झज्जर, रोहतक, पटौदी, हेलीमंडी भी जुड़ा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में आज कैब ड्राइवरों की हड़ताल, सवारियों की अनिवार्य KYC मांग पर अड़े

टिकली में जल शोधन संयंत्र बनेगा

मुख्यमंत्री रविवार को गांव कांकरौला में आयोजित विकसित बादशाहपुर महारैली में पहुंचे थे। उन्होंने घोषणा की कि गांव बुढ़ेड़ा में कारीब 65 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव टिकली में महाग्राम योजना के तहत जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किया जाएगा, जिससे टिकली, हसनपुर, सकतपुर, गैरतपुर और अकलीमपुर गांवों में स्वच्छ पेयजल और सीवरेज की बेहतर व्यवस्था मिलेगी। इसके अतिरिक्त न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का कार्य भी जल्द पूरा होगा। न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में 24 मीटर चौड़ी सड़कों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी संभव होगा, सड़कों को 24 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा।

तीन दमकल केंद्र बनाए जाएंगे

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि न्यू गुरुग्राम के सेक्टर 90 से 95 में भूमि उपलब्ध होने पर श्मशान घाट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही गुरुग्राम, मानेसर और फर्रुखनगर में भूमि उपलब्धता के आधार पर दमकल केंद्र (फायर स्टेशन) स्थापित किए जाएंगे। हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 28.17 किलोमीटर लंबाई की 13 सड़कों तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा 84.86 किलोमीटर लंबाई की 30 सड़कों का रखरखाव किया जाएगा। इसके अलावा 41.57 करोड़ रुपये की लागत से 21.3 किलोमीटर लंबाई की 11 सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। गांवों में खेतों तक जाने वाले रास्तों को भी पक्का किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में बदलेगी 400 KM सड़कों की सूरत, सिंगापुर जैसे बनाए जाएंगे ये रास्ते

बादशाहपुर में विकास के लिए पांच करोड़ दिए

मुख्यमंत्री ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देने के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, हाउसिंग फॉर ऑल विभाग से आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन आदि गणमान्य मौजूद रहे।

ट्रिपल इंजन की सरकार में तेजी से विकास कार्य होंगे

राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में ट्रिपल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से विकास कार्यों को गति मिली है। केंद्र, प्रदेश और स्थानीय निकायों के तालमेल से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला क्षेत्र स्थित गांव खोह, कासन और सहरावन में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से 200 एकड़ भूमि पर ‘नमो वन’ विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना न केवल हरित क्षेत्र को बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर पर्यावरणीय सुविधाएं और रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

‘लेजरवैली पार्क में भगत सिंह की प्रतिमा लगेगी’

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के लेजरवैली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री रविवार को दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के शहीद जवानों के सम्मान में गुरुग्राम में होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। इस दौरान उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सीआरपीएफ जवानों के कल्याण स्वरूप सीआरपीएफ के डीआईजी परम शिवम को 38.25 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। यह धनराशि सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिवार कल्याण में इस्तेमाल की जाएगी।

रोजगार के अवसर बढ़ रहे : राव नरबीर

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश हरियाणा वर्ष 2047 तक औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-विशेषकर गुरुग्राम और मानेसर-अहम भूमिका निभाएंगे। राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों और निवेश-अनुकूल वातावरण के कारण हरियाणा उद्योग, व्यापार और रोजगार सृजन के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी चहुंमुखी और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सेक्टर 85 के निवासियों को सौगात; द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली सड़क खुली
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।