दिल्ली में छेनू गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार, राजस्थान में हुई बड़ी वारदात के मामले में थी तलाश; हथियार भी बरामद
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शुरू में जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में सख्ती से पूछने पर सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी में हथियार रखे हैं और वह नई वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने राजस्थान में हुई 70 लाख रुपए की गहनों की चोरी की वारदात के सिलसिले में 'छेनू गैंग' के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस बारे में जानकारी देते हुए बुधवार को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, और इन दोनों की पहचान राशिद उर्फ सोनू (35) और फहीम उर्फ डैनी (30) के रूप में हुई है। इनमें से राशिद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही 21 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को एक अस्पताल के पास तब पकड़ा गया, जब वे दोनों नए शिकार की तलाश में घूम रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तारी की इस कार्रवाई को खुफिया सूचना मिलने के आधार पर अंजाम दिया। 5 मार्च को पुलिस की एक टीम को खबर मिली थी कि एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य, जो हाल ही में छेनू गैंग में शामिल हुए हैं, इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। दोनों आरोपियों के पास से दो बंदूकें, पांच जिंदा कारतूस और एक कार भी बरामद हुई है, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
खुफिया सूचना के बाद धर दबोचा
मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने कहा, 'खुफिया सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम ने 5 और 6 मार्च की दरमियानी रात को गुरु गोबिंद सिंह हॉस्पिटल के पास जाल बिछाया। इसी दौरान वहां आई एक कार, जिसमें दो लोग सवार थे, को रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखते ही कार में बैठे लोगों ने भागने की कोशिश की, हालांकि थोड़ी हाथापाई के बाद पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।'
दोनों के पास से एक-एक पिस्तौल बरामद
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शुरू में जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में सख्ती से पूछने पर सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी में हथियार रखे हुए हैं और वह इलाके में वारदात को अंजाम देने के लिए किसी नए शिकार की तलाश में घूम रहे हैं। अधिकारी ने आगे कहा कि कार की तलाशी लेने पर राशिद के पास से चार जिंदा कारतूस वाली एक पिस्तौल और फहीम के पास से एक जिंदा कारतूस वाली एक देसी पिस्तौल बरामद हुई।
राजस्थान में हुई वारदात के मामले में थी तलाश
पूछताछ में इस बात का खुलासा भी हुआ कि राशिद जयपुर के विधायक पुरी थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी में मुख्य आरोपी है। इस साल की शुरुआत में वहां से करीब 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हुई थी और वह इस मामले में भी वांटेड था। गिरोह के दो सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग के और कौन से सदस्य सक्रिय हैं और लूटा गया माल कहां ठिकाने लगाया गया।




साइन इन