नोएडा के इन 9 सेक्टरों में बनेंगे 19 नए बिजलीघर, 4.5 लाख उपभोक्ता पाएंगे पावर कट से राहत
नोएडा शहर में बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए नौ सेक्टरों में 33/11 केवी के 19 नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए विद्युत निगम की टीम ने नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग के साथ जमीन चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है।

नोएडा शहर में बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए नौ सेक्टरों में 33/11 केवी के 19 नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए विद्युत निगम की टीम ने नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग के साथ जमीन चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
शहर में स्काडा योजना के तहत बिजली ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए 33/11 केवी के सेक्टर-8, 63, 65, 80, 81, 94, 106, 132 सेक्टर-140 में 33/11 केवी के बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए बीते दिनों प्राधिकरण सीईओ ने भी पत्र का संज्ञान देते हुए विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग को उपकेंद्रों के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करके उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, ताकि बिजली उपकेंद्र बनाने का कार्य जल्द शुरू हो सके। इससे जिले के साढ़े चार लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति में मदद मिलेगी। इसके बाद सेक्टरों में जमीन चिह्नित करने का कार्य शुरू किया गया है।
गर्मियों में बढ़ जाती है बिजली की मांग
विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही जमीन चिह्नित होने के बाद उपकेंद्र बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। वहीं, जिले में गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ जाती है। शहर में हर साल बिजली की मांग में इजाफा भी हो रहा है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा राजस्व भी शहर से ही निगम को प्राप्त होता है। इस वजह से शहर की बिजली व्यवस्था और ढांचे पर भी मेरठ से लेकर लखनऊ तक नजर रहती है। इस वजह से विद्युत निगम भी बेहतर व्यवस्था करने में जुट गया है।
लगातार बढ़ रही मांग
जिले में बिल्डर सोसाइटी, संस्थान और औद्योगिक इकाइयों को देखते हुए हर वर्ष बिजली की मांग में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ रही है। आने वाले कुछ वर्षों में बिजली की मांग तीन हजार मेगावाट से अधिक पहुंचने की उम्मीद है। उसी को ध्यान में रखकर उपकेंद्रों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि उपकेंद्रों पर बिजली का अतिरिक्त लोड बढ़ने के बजाय नए उपकेंद्रों से आपूर्ति दी जा सके।
नोएडा के इन सेक्टरों में प्रस्तावित
शहर में 33/11 केवी की क्षमता के 19 नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। ये उपकेंद्र सेक्टर-आठ, 63, 65, 80, 81, 94, 106, 132 और सेक्टर-140 में बनाए जाएंगे। साथ ही उपकेंद्रों पर 10-10 एमवीए की क्षमता के दो-दो ट्रांसफार्मर भी लगेंगे।
अभी 108 उपकेंद्रों से हो रही आपूर्ति
अभी पूरे जिले में 108 बिजली उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई दी जा रही हैं। इनकी क्षमता भी 2294 एमवीए है। बिजली उपकेंद्र ओवर लोड होने पर उपकेंद्रों से निरंतर बिजली देने में दिक्कतें आती है। कई बार अधिक लोड होने पर कुछ समय के लिए ब्रेकडाउन लेना पड़ता है। भविष्य में इस तरह की समस्याएं नहीं आए, उसी को ध्यान में रखते हुए नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे।
विवेक कुमार पटेल, अधीक्षण अभियंता (तकनीकी), विद्युत निगम, ''बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए नए बिजली उपकेंद्र बनाने की योजना बनाई गई है। योजना के तहत 19 उपकेंद्र बनाने के लिए नौ सेक्टरों में जमीन चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।''




साइन इन