दिल्ली में 137 और मोहल्ला क्लीनिक किए जाएंगे बंद, रेखा गुप्ता सरकार ने दिए आदेश
दिल्ली में और 137 मोहल्ला क्लीनिक भी जल्द स्थायी तौर पर बंद किए जाएंगे। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के मोहल्ला क्लीनिक सेल ने इस संबंध में गुरुवार को सभी जिलों के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

राजधानी दिल्ली में और 137 मोहल्ला क्लीनिक भी जल्द स्थायी तौर पर बंद कर दिए जाएंगे। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के मोहल्ला क्लीनिक सेल ने इस संबंध में गुरुवार को सभी जिलों के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
इन मोहल्ला क्लीनिकों के स्थायी तौर पर तौर पर बंद होने के बाद दिल्ली में अब गिनती के ही मोहल्ला क्लीनिक बचेंगे। दिल्ली में 540 से अधिक मोहल्ला क्लीनिक थे। राजधानी में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के विकसित होने के साथ ही मोहल्ला क्लीनिक बंद होते जा रहे हैं।
पिछले महीने 95 किए गए थे बंद
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने भी दिल्ली सरकार की ओर से 95 मोहल्ला क्लीनिक बंद करने के आदेश दिए गए थे। बंद किए जा रहे सभी मोहल्ला क्लीनिक पूर्व की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार में बने थे।

बता दें कि 'आप' के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन मोहल्ला क्लीनिकों को दिल्ली में अपनी सरकार के बड़े गुड वर्क के रूप में पेश करते थे। वहीं दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केजरीवाल सरकार पर आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक की आड़ में 10 साल तक घोटाला करने का आरोप लगाती रही है।
भ्रष्टाचार का अड्डा थे मोहल्ला क्लीनिक : भाजपा
राजधानी में आरोग्य मंदिरों को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सियासत गरमा गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व की आप सरकार ने दिल्ली को विकास से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र सरकार की योजना है। इसे विभिन्न राज्य सरकारों के साथ ही सभी नगर निगम, पंचायत तक लागू कर रहे हैं।
दिल्ली के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा देना हमारा लक्ष्य : रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मकर संक्रांति के दिन राजधानी में 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के उद्घाटन के बाद कहा कि राजधानी के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधायें मुहैया कराना सरकार का लक्ष्य है। रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी में अब आरोग्य मंदिरों की संख्या बढ़कर 319 हो गई है, जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लगातार इन आरोग्य मंदिरों के माध्यम से हम दिल्ली के प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक सुविधाजनक प्लैटफॉर्म दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन आरोग्य मंदिरों में जितनी सुविधाएं हैं उससे यह एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में काम करते हैं। इससे बड़े अस्पतालों में न केवल दवाब कम होगा, बल्कि लोगों को रोजमर्रा की चिकित्सा जरूरतें अपने घरों के आसपास ही मिल सकेगी। सीएम ने कहा कि इन आरोग्य मंदिरों में करीब 80 जांच की व्यवस्था है के साथ साथ हर तरह के देखभाल की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि राजधानी में 1100 आरोग्य मंदिर बनाने का लक्ष्य है और लगातार उस दिशा में काम किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि सिर्फ 11 महीनों में 319 आधुनिक और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं से युक्त आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं। यह हमारी सरकार की स्पीड और स्केल, दोनों का स्पष्ट प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार मिशन मोड में यह सुनिश्चित कर रही है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक तक पहुंचे और दिल्ली सशक्त रूप से स्वास्थ्य राजधानी की दिशा में आगे बढ़े।
(वार्ता के इनपुट के साथ)




साइन इन