मालवीय नगर आग में 12 विदेशियों की जलकर मौत, कितने लड़ रहे जिंदगी की जंग? जानें हालत
Malviya Nagar Fire: दिल्ली का भीषण अग्निकांड, जिसकी चीख दुनिया भर के घरों में गूंज गई। क्योंकि इस हादसे में अब तक 12 विदेशी नागरिकों की मौत हो चुकी है। अभी भी कई मरीज अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। जानिए अब उनकी हालत कैसी है।

Malviya Nagar Fire: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। नाइजीरियाई नागरिक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे इस त्रासदी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। जिसमें विदेशी नागरिकों की संख्या 12 शामिल है। अभी भी कई मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें सबसे ज्यादा संख्या विदेशी नागरिकों की है।
कुल 22 मरीजों की मौत, इसमें 12 विदेशी शामिल
हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टेज बी एंड बी में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई थी। इसमें एक 16 वर्षीय लड़की और किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के कई विदेशी नागरिकों सहित 21 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अनंत मित्तल ने बताया कि दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती एक विदेशी नागरिक की कल देर रात मौत हो गई। इसके साथ ही इस अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। इसमें कुल 12 नागरिक विदेशी हैं।
कितने विदेशी मरीज लड़ रहे जिंदगी की जंग
अब सवाल है, आखिर कितने मरीज हैं जो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं? उनकी हालत कैसी है? क्या कोई सुधार हो रहा है, या नहीं? आपको बता दें इस अग्निकांड में जख्मी लोगों में से 13 मरीज अब भी साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 12 विदेशी नागरिक हैं। एक मरीज वेंटिलेटर पर है, लेकिन उसकी हालत में सुधार दिख रहा है। अस्पताल ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
विदेशी मरीजों सहित बाकी की हालत कैसी है
अस्पताल के मुताबिक, वेंटिलेटर पर रखे गए मरीज की हालत चिकित्सकीय रूप से स्थिर है और वह ठीक हो रहा है। रविवार को दो मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल ने बताया कि वर्तमान में भर्ती 13 मरीजों में से आठ का इलाज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हो रहा है, जबकि चार को वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसमें कहा गया है कि भर्ती सभी मरीज चिकित्सकीय रूप से स्थिर हैं। बयान के अनुसार, मरीजों की स्थिति में संतोषजनक सुधार हो रहा है और उन्हें व्यापक देखभाल और निगरानी प्रदान की जा रही है।
होटल मालिक और रसोइया गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पिछले बुधवार को मालवीय नगर के हौज रानी स्थित होटल 'फ्लोरिश स्टे बीएंडबी' में भीषण आग लगने के बाद 22 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें से ज्यादातर विदेश हैं। वहीं, 25 अन्य जख्मी हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक और रसोइये को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का आरोप है कि उनकी लापरवाही आग लगने का एक कारण हो सकती है। वहीं, होटल से जुड़े कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
वार्ता, पीटीआई के इनपुट शामिल हैं।




साइन इन