डोनाल्ड ट्रंप ने ही क्यों किया ट्रेड डील और टैरिफ कट का ऐलान, वाणिज्य मंत्री ने बताई अंदरूनी वजह
गोयल ने कहा कि भारत को अमेरिका के साथ अच्छी डील मिली है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी डील की प्रक्रिया चल रही है, पूरी होने के बाद साझा बयान जारी होंगे।

अमेरिका और भारत के बीच हुई ट्रेड डील पर पहली बार केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने इस डील की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत को मजबूत करने वाली डील है। उन्होंने कहा कि कई रुकावटों और महीनों की बातचीत के बाद अमेरिका के साथ हुई ये ट्रेड डील पड़ोस में सबसे बढ़िया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के साथ बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौता पूरा किया है, जिसके लिए पूरा देश उनको बधाई दे रहा है। इस डील की घोषणा कल की गई थी। इस बारे में पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने और फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को धन्यवाद दिया था।
गोयल ने कहा कि भारत को अमेरिका के साथ अच्छा समझौता मिला क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी डील की प्रक्रिया चल रही है, पूरा होने के बाद दोनों देशों की तरफ से साझा बयान जारी होंगे। उन्होंने इसी बहाने विपक्ष पर अपना गुस्सा भी जाहिर किया और इस बात पर खीझ निकाली कि विपक्ष ऐसा क्यों कह रहा है कि इस डील और टैरिफ कटौती की घोषणा भी वॉशिंगटन में और डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई।
अमेरिका ने टैरिफ लगाया, उसी ने हटाया
गोयल ने कहा कि अमेरिका ने ही टैरिफ लगाया था, और अब उसी ने कम किया है; इसलिए उधर से ही इसका ऐलान भी हुआ। इसमें सरकार की तरफ से कमी कहां रही? उन्होंने कहा कि ये डील भारत के उज्ज्वल भविष्य का पड़ाव है। उन्होंने इस डील की आलोचना करने के लिए विपक्ष, खासकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता को देश की तरक्की से दिक्कत है। गोयल ने इस दावे पर गांधी की आलोचना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दबाव में आकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील स्वीकार किया है।
राहुल गांधी जनता को गुमराह कर रहे
पीयूष गोयल ने कहा, “राहुल गांधी जनता को गुमराह करना चाहते हैं, उन्हें भारत की तरक्की की कोई परवाह नहीं है।” उन्होंने दो टूक कहा कि इस डील में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। हालांकि, इस डील की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर कल एक पोस्ट में कहा था कि भारत और अमेरिका ने "एक ट्रेड डील पर सहमति जताई है" जिसके तहत अमेरिका रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करेगा और बदले में भारत अमेरिका से कुल 500 अरब डॉलर का आयात करेगा। इसमें कृषि, तकनीक और तेल भी शामिल है।




साइन इन