ये भारत को मजबूत करने वाली, देश को लंबे समय से था इंतजार; ट्रेड डील पर बोली सरकार India US Trade Deal What Donald Trump Said on tariff Issue PM Modi Parliament Session LIVE Budget 2026 - national news
More
Hindi Newsदेशये भारत को मजबूत करने वाली, देश को लंबे समय से था इंतजार; ट्रेड डील पर बोली सरकार

ये भारत को मजबूत करने वाली, देश को लंबे समय से था इंतजार; ट्रेड डील पर बोली सरकार

India America Tariff News: अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार के फैसले से पिछले कुछ समय से चुनौतियों का सामना कर रहे भारतीय निर्यातकों को न केवल बड़ी राहत मिली है, बल्कि अमेरिकी बाजार में 'मेड इन इंडिया' उत्पादों की धमक बढ़ने की भी पूरी उम्मीद है।

ये भारत को मजबूत करने वाली, देश को लंबे समय से था इंतजार; ट्रेड डील पर बोली सरकार

Piyush Goyal News

Nisarg Dixit| लाइव हिन्दुस्तान | Tue, 03 Feb 2026 10:56 PM
हमें फॉलो करें

India America Tariff News: भारत और अमेरिका ट्रेड डील का इंतजार खत्म हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत पर लगाए भारी 50 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी करने का ऐलान कर दिया है। अब इस पर सरकार की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज देश भर में हर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दे रहा है कि उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ एक बहुत अच्छा व्यापार समझौता किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। पीयूष गोयल ने आगे कहा कि राहुल गांधी ट्रेड डील पर देश के लोगों को झूठ के सहारे गुमराह कर रहे हैं। गोयल ने आगे कहा कि टैरिफ अमेरिका ने लगाया था, इसलिए ऐलान उधर से ही हुआ।

खास बात है कि यह घोषणा ऐसे समय पर की गई है, जब भारत में बजट सत्र जारी है। एक ओर जहां भारत सरकार ने ट्रंप सरकार के फैसले का स्वागत किया है। वहीं, कांग्रेस सरकार पर आरोप लगा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कटौती का सबसे सकारात्मक असर रत्न-आभूषण और फार्मा क्षेत्रों पर देखने को मिलेगा। अमेरिका भारतीय जेनेरिक दवाओं और तराशे हुए हीरों का सबसे बड़ा खरीदार है। टैरिफ कम होने से इन उत्पादों की लागत घटेगी, जिससे अमेरिकी बाजार में इनकी मांग में भारी उछाल आने की संभावना है।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने भी अपने बजट 2026 में चमड़ा और जूता उद्योग के कच्चे माल पर ड्यूटी कम की थी। अब अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाने से इस सेक्टर का दोहरा फायदा होगा। इससे न केवल निर्यात बढ़ेगा, बल्कि देश में लाखों नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इस फैसले से पिछले कुछ समय से चुनौतियों का सामना कर रहे भारतीय निर्यातकों को न केवल बड़ी राहत मिली है, बल्कि अमेरिकी बाजार में 'मेड इन इंडिया' उत्पादों की धमक बढ़ने की भी पूरी उम्मीद है।

ताजा अपडेट्स के लिए बने रहिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ...

3 Feb 2026, 06:07:22 PM IST

ट्रेड डील से इंजीनियरिंग सेक्टर को मिलेंगे बहुत सारे मौके- गोयल

भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मैं मानता हूं कि इस डील से हमारे MSMEs, हमारा इंजीनियरिंग सेक्टर, हमारे इंजीनियरिंग सेक्टर के सभी प्लेयर्स चाहे वे ऑटो कंपोनेंट्स बनाते हों, इलेक्ट्रिकल पार्ट्स बनाते हों, या अमेरिका में अलग-अलग तरह के इंजीनियरिंग सामान बेचने का काम करते हों, या भविष्य में ऐसा करने की योजना बना रहे हों, हमारा टेक्सटाइल सेक्टर, हमारा जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर, हमारा लेदर गुड्स सेक्टर, हमारा मरीन गुड्स सेक्टर, इन सभी को इस डील से बहुत सारे मौके मिलेंगे।

3 Feb 2026, 05:55:02 PM IST

पड़ोसी देशों की तुलना में शानदार डील- गोयल

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपने दोस्ताना रिश्तों और करीबी संबंधों का फ़ायदा उठाते हुए अमेरिका के साथ एक ट्रेड डील फ़ाइनल की है, जो हमारे सभी पड़ोसियों, आस-पास के सभी देशों और हमसे मुकाबला करने वाले सभी देशों की तुलना में भारत को सबसे अच्छी डील मिली है। यह हम सभी के लिए एक शानदार डील है।

3 Feb 2026, 05:48:35 PM IST

अमेरिका ने टैरिफ लगाया, उसी ने कम किया; इसलिए उधर से ही ऐलान

वहीं अमेरिका की ओर टैरिफ ऐलान पर पीयूष गोयल ने कहा कि टैरिफ अमेरिका ने लगाया था इसलिए ऐलान उधर से ही किया गया। गोयल ने आगे कहा कि भारत को अमेरिका के साथ अच्छा समझौता मिला क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध मजबूत हैं। गोयल ने आगे कहा कि जल्द दोनों देशों के साझा बयान जारी किए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि अभी भी डील की प्रक्रिया चल रही है, पूरा होने के बाद साझा बयान जारी होंगे।

3 Feb 2026, 05:45:04 PM IST

देश की प्रगति से राहुल को नफरत है- पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज हर भारतवासी देशभर में पीएम मोदी का अभिनंदन कर रहा है कि उन्होंने अमेरिका के साथ एक बहुत बढ़िया ट्रेड डील किया है। जिसका देशवासियों को कई महीने से इंजतार था वो संपन्न किया है। देश हित और जनहित को सामने रखते हुए एक बड़ा मजबूत भारत के भविष्य को चारचांद लगाने वाला ट्रेड डील पीएम मोदी के नेतृत्व में कल रात को किया गया है इसके लिए मैं 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से पीएम मोदी को धन्यवाद करता हूं और सभी को बधाई देता हूं। इससे सभी को लाभ और सभी के लिए ढेर सारे अवसर लाने वाला ट्रेड डील पीएम मोदी ने कल तय किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी हमला बोला। पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी को देश की प्रगति से नफरत है।

3 Feb 2026, 05:40:25 PM IST

ये भारत को मजबूत करने वाली डील: पीयूष गोयल

3 Feb 2026, 04:20:25 PM IST

लोकसभा में कागज उछालने पर आठ विपक्षी सांसद निलंबित

लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विषय को लेकर जारी गतिरोध के बीच मंगलवार को उस वक्त सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का नया मोर्चा खुल गया जब आसन के समीप कागज उछालने के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। कांग्रेस के सात सदस्यों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद को सदन से निलंबित किया गया है। सदन में गतिरोध के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार की तरह मंगलवार को भी पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित लेख का हवाला देकर चीन का विषय उठाने का प्रयास किया, लेकिन आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली। हालांकि उन्होंने इस लेख को सत्यापित किया और सदन के पटल पर रखा।

3 Feb 2026, 02:52:46 PM IST

ट्रेड डील पर पीएम मोदी ने किया कॉम्प्रोमाइज; राहुल गांधी बोले- फूट सकता है इमेज का गुब्बारा

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी घबराए हुए हैं। जो ट्रेड डील 4 महीने से रुकी हुई थी। किसी न किसी कारण से नरेंद्र मोदी ने कल शाम उस डील को साइन कर दिया। नरेंद्र मोदी पर दबाव है, भयंकर दबाव है। नरेंद्र मोदी की इमेज का गुब्बारा फूट सकता है। हमारे प्रधानमंत्री को कॉम्प्रोमाइज कर दिया गया है। किसने किया है, कैसे किया है ये देश की जनता को सोचना है...अमेरिका में अडानी पर एक केस है। वो अडानी को नहीं नरेंद्र मोदी के वित्तीय ढांचे को टारगेट कर रहा है। एपस्टीन फाइल्स में अभी और माल है जो अभी रिलीज नहीं हुआ है।

3 Feb 2026, 02:39:54 PM IST

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से वाहन कलपुर्जों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी: एक्मा

वाहन कलपुर्जा उद्योग के निकाय एक्मा ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को एक सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि यह समझौता अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगा। भारतीय वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एक्मा) ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की सराहना की। निकाय ने कहा कि यह समझौता दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच बढ़ती रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को दर्शाता है।

एक्मा के अध्यक्ष विक्रमपति सिंघानिया ने बयान में कहा कि जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने का प्रस्ताव एक सकारात्मक कदम है, जो अमेरिकी बाजार में भारतीय वाहन कलपुर्जों की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगा। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं संरचनात्मक बदलावों से गुजर रही हैं, यह घटनाक्रम दीर्घकालिक व्यापार और निवेश निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण है।

सिंघानिया ने कहा कि अमेरिका भारत के वाहन कलपुर्जा उद्योग के लिए सबसे महत्वपूर्ण निर्यात गंतव्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि एक अधिक संतुलित और सुविधाजनक व्यापार ढांचा द्विपक्षीय व्यापार में और वृद्धि कर सकता है तथा औद्योगिक सहयोग को मजबूत कर सकता है।

3 Feb 2026, 01:30:40 PM IST

India US Tariff: नड्डा ने कहा कि सरकार बयान देगी

India US Tariff: राज्यसभा में मंगलवार को कांग्रेस ने भारत और अमेरिका के बीच समझौता होने की बात सोशल मीडिया में आने और इस बारे में संसद को अवगत नहीं कराये जाने का मुद्दा उठाया जबकि सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर बयान देगी तथा विपक्ष को गैर जिम्मेदाराना व्यवहार नहीं करना चाहिए। कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित पार्टी के कई सदस्यों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर आसन का ध्यान भारत एवं अमेरिका के बीच हुए समझौते की ओर दिलाते हुए कहा, ''यह क्या हो रहा है, हमें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिल रही है...ये देश के साथ धोखा हो रहा है।''

3 Feb 2026, 01:30:27 PM IST

India US Tariff: शिवसेना यूबीटी बोली- किसानों के हितों से समझौता किया गया

India US Tariff: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "पूरा विपक्ष राज्यसभा से वॉकआउट कर गया। राष्ट्रीय हित और किसानों के हितों से समझौता किया गया। मुझे लगता है कि यह ट्रेड डील गौतम अडानी को बचाने के लिए की गई है और हम सड़क से लेकर संसद तक इसका विरोध करेंगे।"

3 Feb 2026, 01:23:23 PM IST

सरकार ने लगाए विपक्ष पर झूठ फैलाने के आरोप

3 Feb 2026, 01:15:47 PM IST

India US Tariff: भाजपा ने राहुल गांधी पर उठाए सवाल

India US Tariff: भाजपा संजय जायसवाल ने म, "राहुल गांधी के साथ सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि वे भाजपा और भारत का विरोध दोनों एक ही चीज समझते हैं। वे भाजपा का विरोध करते करते भारत का विरोध करते हैं। UPA के सरकार के समय में संवेदनशील मुद्दों पर हम कुछ नहीं बोलते थे। डोकलाम पहली जगह थी जहां चीन बुरी तरह पिटा था। आज भी आम नागरिक देख सकता है कि भारतीय सेना वहां 1mm भी पीछे नहीं हटी है...।"

3 Feb 2026, 01:00:34 PM IST

विपक्ष सरकार पर हमलावर

3 Feb 2026, 12:57:45 PM IST

India US Tariff: संसद में बयान दे सकते हैं पीयूष गोयल

India US Tariff: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मंगलवार को संसद में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बयान दे सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्री इस बयान के लिए मुंबई से दिल्ली लौट रहे हैं। सूत्रों ने कहा, ''वाणिज्य मंत्री के संसद में बयान देने की संभावना है।''

3 Feb 2026, 12:38:28 PM IST

India US Trade Deal LIVE: अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बारे में सरकार संसद को जानकारी देगी: नड्डा

India US Trade Deal LIVE: राज्यसभा में विपक्षी सांसदों द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाने पर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- कल देर रात, अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ पर ट्वीट किया और पीएम मोदी को सच्चा दोस्त बताया। इसके बाद, पीएम ने ट्वीट करके अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया और व्यापार के बारे में बात की। सरकार इस व्यापार समझौते पर खुद से एक बयान जारी करेगी और इस पर चर्चा भी करेगी। जब सरकार विस्तार से बयान देने के लिए तैयार है, तो कांग्रेस और INDI गठबंधन का यह रवैया गलत है। यह उनकी निराशा है जो बोल रही है।

3 Feb 2026, 12:04:51 PM IST

India US Trade Deal: पीएम मोदी ने किसी को नीचा नहीं दिखाया- कंगना

India US Trade Deal: भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा- पूरा देश भारत-अमेरिका डील को लेकर बहुत उत्साहित है। पीएम के काम की जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है। उन्होंने किसी को नीचा नहीं दिखाया और न ही किसी को मना किया। लेकिन उन्होंने भारत के लिए इतनी बड़ी डील की है। पूरी दुनिया के दबाव के बावजूद, EU के साथ एक ऐतिहासिक डील साइन हुई। इसके अलावा, अमेरिका भी साथ आया।

3 Feb 2026, 12:03:07 PM IST

India-US Trade Agreement Live: इसके पीछे क्या है, यह कोई नहीं जानता- कांग्रेस विधायक

India-US Trade Agreement Live: भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट पर कर्नाटक के मंत्री एम.बी. पाटिल ने कहा- हम सब जानते हैं कि अमेरिकी टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है, लेकिन इसके पीछे क्या है, यह कोई नहीं जानता। हमें नहीं पता कि क्या PM की तरफ से रूसी तेल न खरीदने का कोई वादा किया गया था। टैरिफ कम होने से इंडस्ट्रीज़ के लिए यह अच्छा है।

3 Feb 2026, 11:14:13 AM IST

India US Trade Deal: देश के विनिर्माण क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा: सीतारमण

India US Trade Deal: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को भारतीय सामानों पर अमेरिकी शुल्क में कटौती का स्वागत किया और इस घटनाक्रम को 'मेड इन इंडिया' पहल के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन बताया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया कि भारतीय उत्पादों को अब 18 प्रतिशत के कम जवाबी शुल्क का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, ''मेड इन इंडिया उत्पादों के लिए अच्छी खबर। उन्हें अब 18 प्रतिशत का कम शुल्क देना होगा। इस विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के नेतृत्व को धन्यवाद। हमारे दो बड़े लोकतंत्रों के लोगों को इससे लाभ होगा।''

3 Feb 2026, 10:42:58 AM IST

India US Trade Deal: डील से साफ, पीएम मोदी ने कर दिया समर्पण- जयराम रमेश

India US Trade Deal: कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई जानकारी से यह साफ़ है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “पूरी तरह समर्पण कर दिया है।” उन्होंने कहा कि लगभग एक साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के पुनः राष्ट्रपति बनने पर उन्हें बधाई देने व्हाइट हाउस पहुंचे थे।

रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय समयानुसार सोमवार देर रात व्यापार समझौते की घोषणा की। राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दी गई जानकारी से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री मोदी ने, जैसा कि उन्होंने 10 मई 2025 को किया था, पूरी तरह आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने निश्चित रूप से राष्ट्रपति ट्रंप को खुश करने की नीति अपनाई है।"

3 Feb 2026, 10:09:26 AM IST

India US Trade Deal: भारत के साथ समझौते से अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा: अमेरिकी सांसद

India US Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत के साथ घोषित व्यापार समझौते से अमेरिका के कृषि उत्पादों का विशाल भारतीय बाजार में निर्यात होगा और यह समझौता रूसी आक्रामकता का मुकाबला करने में भी मदद करेगा। अमेरिकी सांसदों ने यह बात कही। अमेरिका की कृषि सचिव ब्रुक रॉलिन्स ने अमेरिकी किसानों के लिए एक बार फिर काम करने के लिए ट्रंप को धन्यवाद दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ''नया अमेरिका-भारत समझौता भारत के विशाल बाजार में अधिक अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात करेगा, जिससे कीमतें बढ़ेंगी और ग्रामीण अमेरिका में नकदी का प्रवाह होगा।''

3 Feb 2026, 10:07:15 AM IST

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका डील पर एनडीए ने किया पीएम मोदी का स्वागत

India US Trade Deal: संसद परिसर में NDA संसदीय दल की बैठक में NDA सांसदों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए PM मोदी को बधाई दी। इधर, कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

3 Feb 2026, 09:41:04 AM IST

Nifty Today: शेयर बजार में धूम

Nifty Today: भारत और अमेरिका के बीच हुई सोमवार को ट्रेड डील का असर शेयर बाजार पर मंगलवार को नजर आया। खबर है कि शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3,656.74 अंक चढ़कर 85,323.20 पर, निफ्टी 1,219.65 अंक बढ़कर 26,308.05 पर पहुंचा।

3 Feb 2026, 09:39:56 AM IST

Total Tariff on India: कॉमर्स मिनिस्टर ने क्या कहा

Total Tariff on India: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'यह समझौता साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने वाले दो समान विचारधारा वाले, निष्पक्ष व्यापार करने वाले लोकतंत्रों की शक्ति को दर्शाता है।' उन्होंने कहा, 'यह समझौता दो बड़े लोकतंत्रों की अपने लोगों की साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की शक्ति को उजागर करता है। भारत और अमेरिका स्वाभाविक सहयोगी हैं और हमारी साझेदारी प्रौद्योगिकी का सह-निर्माण करेगी, समाधानों का सह-विकास करेगी और भारत और अमेरिका के लिए शांति, विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करेगी।'

3 Feb 2026, 09:03:39 AM IST

Total Tariff on India: दुनिया झुकती है झुकाने वाला चाहिए

Total Tariff on India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने भारत और अमेरिका ट्रेड डील की जमकर तारीफ की है। उन्होंने लिखा कि दुनिया झुकती है झुकाने वाला चाहिए। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बातचीत के बाद टैरिफ घटाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही भारत पर लग 50 प्रतिशत टैरिफ घटकर 18 पर आ गया है।

3 Feb 2026, 08:18:42 AM IST

Total Tariff on India: क्या बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Total Tariff on India: केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, 'भारत-अमेरिका संबंधों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि एक ऐतिहासिक व्यापार समझौता फाइनल हो गया है, जिससे टैरिफ काफी कम होकर 18% हो गया है और गहरे और बड़े आर्थिक सहयोग का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। मैं इस निर्णायक समझौते पर पहुंचने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देता हूं, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी को काफी मजबूत करेगा और दोनों देशों और उनके लोगों को ठोस फायदे पहुंचाएगा। इस समझौते से भारत-अमेरिका आर्थिक संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचने वाले हैं।'

3 Feb 2026, 08:08:50 AM IST

Total Tariff on India: भारत और अमेरिका ट्रेड डील से उत्साह

Total Tariff on India: 'यूएस–इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम' (UISPF) ने भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील का स्वागत किया। फोरम ने यह भी कहा, "हालांकि समझौते का विस्तृत स्वरूप अभी तय होना बाकी है, लेकिन आज की घोषणा दोनों पक्षों की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को दर्शाती है, जिससे शुल्क, बाजार पहुंच, गैर-शुल्क बाधाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अन्य व्यापारिक मुद्दों का समाधान करने के लिए एक व्यापक अमेरिका–भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की दिशा में प्रगति होगी।"

3 Feb 2026, 07:42:30 AM IST

Total Tariff on India: ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ‘इंडिया गेट’ की तस्वीर पोस्ट की

Total Tariff on India: दिल्ली में स्थित इंडिया गेट को 'भारत का खूबसूरत मेहराबदार विजय स्मारक' बताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में ऐसा ही एक स्मारक "सभी स्मारकों में सबसे बेहतरीन" होगा। दिल्ली में 42 मीटर ऊंचा इंडिया गेट 'आर्क-डी-ट्रायम्फ' कहा जाता है। यह प्रथम विश्व युद्ध और तीसरे एंग्लो-अफगान युद्ध के दौरान ब्रिटिश सेना के लिए लड़ते हुए शहीद हुए 70,000 भारतीय सैनिकों की स्मृति और सम्मान में स्थापित किया गया है।

3 Feb 2026, 07:40:57 AM IST

US Tariff on India: रुपये की मजबूती

US Tariff on India: अमेरिका द्वारा टैरिफ कम करने से भारत का निर्यात बढ़ेगा, जिससे डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होगा। चूंकि भारत अपनी जरूरत का अधिकांश सोना-चांदी आयात करता है, इसलिए रुपये की मजबूती से घरेलू बाजार (एमसीएक्स) में सोना और चांदी सस्ते हो सकते हैं।

3 Feb 2026, 06:50:29 AM IST

Total Tariff on India: शेयर बाजार में दिख सकती है बड़ी उछाल

Total Tariff on India: ट्रंप की तरफ से कई गई टैरिफ कटौती का सकरात्मक असर स्टॉक मार्केट पर दिख सकता है। टेक्सटाइल से लेकर फार्मा और आईटी से ऑटो तक कई सेक्टर में अच्छी तेजी दर्ज की जा सकती है। FII के मोर्चे पर हो रही लगातार बिकवाली पर भी इस खबर के आने के बाद अब ब्रेक लग सकता है। पहले इंडिया-ईयू ट्रेड डील, फिर बजट में भविष्य का ध्यान और अब इंडिया-यूएस ट्रेड डील के फाइनल हो जाने से भारतीय शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर अच्छा असर पड़ सकता है।

3 Feb 2026, 06:39:31 AM IST

India-US trade deal 2026: अब अमेरिका में मचेगी इन भारतीय सामानों की धूम

India-US trade deal 2026: ताजा समझौते के बाद अब भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी हो जाएंगे। यहां जानिए-

3 Feb 2026, 06:25:37 AM IST

Total Tariff on India: ट्रंप के टैरिफ की टाइमलाइन

2 अप्रैल, 2025 : राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वैश्विक 'लिबरेशन डे' टैरिफ पहल के तहत अमेरिका ने भारत से आने वाले कई उत्पादों पर 26 प्रतिशत का पारस्परिक शुल्क लगाया।

10 अप्रैल, 2025 : ट्रंप ने नए टैरिफ पर 90 दिनों की रोक की घोषणा की, हालांकि सभी अमेरिकी आयातों पर 10 प्रतिशत का आधारभूत शुल्क लागू रखा गया।

31 जुलाई, 2025 : ट्रंप ने सभी भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की और चेतावनी दी कि यदि भारत रूस से तेल खरीद जारी रखता है तो अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाएंगे।

7 अगस्त, 2025 : भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद जारी रखने का हवाला देते हुए अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया। यह किसी भी अमेरिकी व्यापार साझेदार पर लगाया गया अब तक का सबसे ऊंचा शुल्क था।

3 Feb 2026, 06:05:43 AM IST

India America Tariff News: दोनों देशों को इन क्षेत्रों में मिलेगा लाभ

India America Tariff News: अमेरिका द्वारा टैरिफ घटाने से भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में सस्ते होंगे। इससे कपड़ा, इंजीनियरिंग, फार्मा और आईटी से जुड़े निर्यात को फायदा मिल की संभावना है। ऐसे में दोनों ही देशों को निर्यात को बढ़ावा, व्यापार में स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा पर असर, निवेश और तकनीक, भूराजनैतिक संतुल जैसे क्षेत्रों में बड़ा फायदा होने के आसार हैं।

3 Feb 2026, 05:30:55 AM IST

India America Tariff News: टैरिफ घटने से सबसे बड़ा फायदा रत्न और आभूषण सेक्टर को

India America Tariff News: रत्न और आभूषण, फार्मास्युटिकल सेक्टर, टेक्सटाइल और परिधान, समुद्री उत्पाद, कृषि और खाद्य उत्पाद, इंजीनियरिंग और ऑटो पार्ट्स ऐसे क्षेत्र हैं, जिन्हें अमेरिका के टैरिफ घटाने के ऐलान के बाद सबसे ज्यादा फायदा होने की उम्मीद है। खास बात है कि रत्न और आभूषण सेक्टर अमेरिकी टैरिफ से सबसे अधिक प्रभावित था। अब शुल्क कम होने से सोने के गहनों और हीरों का निर्यात फिर से पुरानी रफ्तार पकड़ेगा।

3 Feb 2026, 05:20:22 AM IST

India America Tariff News: US के साथ सबसे ज्यादा निर्यात

India America Tariff News: समझौते होने पर व्यापारिक रूप से दोनों पक्षों को लाभ होगा। भारत के लिहाज से देखा जाए तो अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से दिसंबर के बीच भारत ने अमेरिका को 65.88 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निर्यात किया है जो वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि में 60.05 बिलियन अमेरिकी डॉलर का रहा था। इस तरह से चालू वित्तीय वर्ष में निर्यात में 9.75 प्रतिशत का उछाल आया है। निर्यात के मामले में अमेरिका पहले पायदान पर रहा है, जबकि उसके बाद यूएई और फिर चीन का नंबर आता है लेकिन यूएई और चीन को होने वाले निर्यात ( क्रमश: 28.92 और 14.25 बिलियन अमेरिकी डॉलर) अमेरिकी की तुलना में बेहद कम रही है। इस लिहाज से समझा जा सकता है कि निर्यात क्षेत्र के नजरिए से अमेरिका हमारे सामान का सबसे बड़ी खरीदार है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।