CJI सूर्यकांत ने ऐसा क्या कहा था, जिससे बनी थी कॉकरोच जनता पार्टी; मचा था खूब बवाल
कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को जंतर-मंतर पर अपना पहला विरोध प्रदर्शन किया, जिससे बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। सीजेपी पिछले दिनों ही बनी है और इसके केंद्र में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत का एक बयान है, जो उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई करते हुए दिया था।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को बड़ा आंदोलन किया। शुरुआती समय में तो भीड़ कम दिखी, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं के साथ बुजुर्ग भी आंदोलन में शामिल हुए। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके सुबह ही अमेरिका से दिल्ली लौटे और एयरपोर्ट पर पुलिस से परमीशन हासिल करने के बाद धरनास्थल पर रवाना हो गए। इस आंदोलन के जरिए पार्टी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। पहले शाम पांच बजे तक की डेडलाइन दी गई, लेकिन बाद में जब इस्तीफा नहीं हुआ तो इसे सात दिन बढ़ा दिया गया। चेतावनी दी गई है कि अगर इस्तीफा नहीं होता है तो यह आंदोलन पूरे देशभर में फैल जाएगा। सीजेपी पिछले दिनों ही बनी है और इसके केंद्र में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत का एक बयान है, जो उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई करते हुए दिया था। हालांकि, जब बवाल मचा तो उन्होंने सफाई दी और कहा कि उनके कमेंट को तोड़-मोड़कर मीडिया में पेश किया गया।
आखिर सीजेआई ने ऐसा क्या कहा था, बन गई कॉकरोच पार्टी
दरअसल,सीजेआई सूर्यकांत ने पिछले महीने मई में एक सुनवाई के दौरान कथित फर्जी डिग्रियों और कोर्ट की आलोचना करने वाले कुछ लोगों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि कुछ युवा कॉकरोच जैसे हैं, जिन्हें रोजगार नहीं मिलता और पेशे में जगह नहीं मिलती। फिर वे मीडिया, सोशल मीडिया या आरटीआई एक्टिविस्ट बनकर सब पर हमला करने लगते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को परजीवी भी बताया था। यह टिप्पणी सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया, क्योंकि इसे बेरोजगार युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपमानजनक बयान के रूप में देखा गया। हालांकि, जब विवाद बढ़ा तो सीजेआई सूर्यकांत ने सफाई जारी करते हुए कहा कि उनकी मौखिक टिप्पणियों को मीडिया के एक हिस्से ने गलत तरीके से पेश किया। उन्होंने साफ किया कि उनका निशाना देश के बेरोजगार युवा नहीं थे, बल्कि वे लोग थे जो फर्जी या जाली डिग्रियों के सहारे वकालत और अन्य पेशों में प्रवेश कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं के प्रति उनके मन में पूरा सम्मान है और वे उन्हें विकसित भारत का आधार मानते हैं।
तुरंत बन गई थी कॉकरोच जनता पार्टी
सीजेआई सूर्यकांत के बयान के बाद आम आदमी पार्टी से पूर्व में जुड़े रहे और उस समय अमेरिका के बॉस्टन शहर में मौजूद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से अकाउंट बनाया। इसके बनाते ही जेन-जी और अन्य लोग अकाउंट्स को फॉलो करने लगे। कुछ ही घंटों में लाखों लोग इससे जुड़ रहे। कुछ दिन में आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ से अधिक हो गया इंस्टाग्राम पर। वहीं एक्स पर भी तेजी से लाखों में फॉलोवर्स जुड़ने लगे। इसके बाद एक्स ने सरकार के निर्देश पर एक्स खाते को भारत में रोक दिया। इसके पीछे सुरक्षा का हवाला दिया गया। इसके बाद दीपके ने फिर से नया अकाउंट बनाया और कॉकरोच इज बैक पर फिर से लाखों लोग जुड़ने लगे। सीजेआई के बयान से युवाओं को लगा कि यह उनका अपमान है। बेरोजगार युवाओं के खिलाफ बयान को अपमानजनक माना गया। हालांकि, सीजेआई ने अगले दिन ही साफ कर दिया कि उनका मतलब यह नहीं था। लेकिन इसके बाद भी देशभर के युवा कॉकरोच जनता पार्टी को फॉलो करते रहे।




साइन इन