पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल और 19 CM... पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की BJP को खुली चुनौती
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल और 19 राज्यों के मुख्यमंत्री मिलकर भी भाजपा को यह चुनाव नहीं जितवा पाएंगे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए पार्टियों का चुनाव प्रचार अपने जोर पर है। भाजपा, टीएमसी और कांग्रेस लगातार एक-दूसरे के ऊपर पलटवार कर रही हैं। इसी बीच टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने दावा किया है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय पार्टी को हराने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, क्योंकि लगभग पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यह सब मिलकर भी भाजपा को बंगाल चुनाव नहीं जिता पाएंगे।
हुगली के उत्तरपाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित कर रहीं ममता ने भारतीय जनता पार्टी के ऊपर जबरदस्त हमला बोलते हुए टीएमसी के साथ उसके प्रचार की तुलना की। उन्होंने कहा, "भाजपा हताश है, पश्चिम बंगाल में 50 हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री से लेकर गृह मंत्री, रेल मंत्री और रक्षा मंत्री तक लगभग पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल, साथ ही एनडीए शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्री, एक ही राज्य पश्चिम बंगाल में डेरा डाले हुए हैं। दूसरी तरफ टीएमसी के चुनावी प्रचार को देखिए पूरे राज्य में हमारे पास केवल तीन हेलीकॉप्टर हैं। भाजपा चाहें कितना ही शोर-शराबा कर ले, यह सारा शोर शराबा 4 मई को फीका पड़ जाएगा।"
इसके अलावा ममता बनर्जी ने राज्य में मौजूद केंद्रीय सुरक्षा बलों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह जहां भी जा रही हैं। वहां केंद्रीय बलों की मौजूदगी ही दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, "वह (भाजपा) बख्तरबंद वाहन ला रहे हैं। पूरे बंगाल में उनका उपयोग हो रहा है। यह उन जगहों पर नहीं जा रहे हैं, जहां पर इनकी आवश्यकता है।"
अमित शाह पर तीखा हमला
ममता बनर्जी ने राज्य में चुनाव प्रचार के लिए आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर भी तीखा हमला बोला। गृहमंत्री के 'टीएमसी के गुंड़े' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "एक केंद्रीय मंत्री और एक जिम्मेदार नेता के रूप में, आप ऐसे शब्द नहीं बोल सकते। आप आतंक की भाषा बोल रहे हैं। मुझे पता है कि आपके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। लेकिन, मैंने अपने लोगों को उनके भाषण की वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे अदालत में जमा करने को कहा है।" दरअसल, प्रचार के दौरान गृहमंत्री ने कहा था कि बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद टीएमसी के गुंड़ों को उल्टा लटका दिया जाएगा।




साइन इन