CM विजय के ज्योतिषी का 'बुरा समय', रद्द हो गई नियुक्ति! क्यों बैकफुट पर सरकार?
मुख्यमंत्री विजय ने हाल ही में राधन पंडित को अपना राजनीतिक OSD नियुक्त किया था। इस फैसले पर न केवल विपक्षी दलों ने, बल्कि गठबंधन के सहयोगियों ने भी सवाल उठाए थे।

तमिलनाडु की सत्ता संभालने के 3 दिन के अंदर ही मुख्यमंत्री विजय को अपने एक विवादित फैसले को वापस लेने पर मजबूर होना पड़ा है। भारी बवाल के बाद TVK सरकार ने बुधवार को विजय के निजी ज्योतिषी की मुख्यमंत्री कार्यालय में की गई नियुक्ति को रद्द करने का फैसला किया है। इससे पहले ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल को तमिलनाडु CM ऑफिस में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी और राजनीतिक विंग के सलाहकार नियुक्त किया था। इसे लेकर बड़ा बखेड़ा शुरू हो गया था और फैसले पर न केवल विपक्षी दलों ने, बल्कि गठबंधन के सहयोगियों ने भी सवाल उठाए थे।
बता दें कि मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले ज्योतिषी राधन पंडित ने विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) की बड़ी जीत और विजय के मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी की थी। वहीं वे टीवीके के प्रवक्ताओं में से भी एक हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें ज्योतिषी के क्षेत्र में 40 से ज्यादा सालों का अनुभव है। अब CM ऑफिस में उनकी नियुक्ति हुई थी। फैसले का ऐलान होते ही विवाद शुरू हो गया था।
VCK-CPIM ने किया था विरोध
वामपंथी दलों और थिरुमावलवन की अगुवाई वाली विदुथलाई चिरतुथईगल काची (VCK) ने सरकार के इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताई थी। VCK के महासचिव डी रविकुमार ने एक बयान में कहा था कि एक ज्योतिषी को सरकारी पद देना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा था, "किसी ज्योतिषी को मुख्यमंत्री का OSD बनाकर टैक्स चुकाने वालों का पैसा खर्च करना संविधान का उल्लंघन है। मुख्यमंत्री की निजी पसंद से शासन का रास्ता तय नहीं होना चाहिए। उन्हें इस फैसले पर दोबारा सोचना चाहिए।" उन्होंने कहा, “एक धर्मनिरपेक्ष सरकार में ज्योतिषी का होना गलत है।”
वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी शनमुगम ने भी इस कदम का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि किसी ज्योतिषी का राजनीतिक सलाह देना मंजूर नहीं है और यह समझदारी वाली सोच के खिलाफ है। उन्होंने एक बयान में कहा, "यह नियुक्ति लोगों की सोच को पीछे ले जा सकती है और यह लोगों को ज्योतिष की ओर जाने के लिए बढ़ावा दे सकता है, जिसे महान तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती ने गलत साबित किया है।" उन्होंने मांग की कि इस पर बिना देर किए दोबारा सोचा जाए। इसेक अलावा कांग्रेस ने भी नाराजगी जाहिर की थी।
कौन हैं राधन पंडित?
राधन पंडित पिछले कई सालों से राजनीतिक ज्योतिषी में एक जाने माने व्यक्ति रहे हैं। तमिलनाडु के इरोड जिले में जन्मे वेट्रिवेल ने 40 साल पहले ज्योतिष को अपना पेशा बनाया और मुंबई और दिल्ली में प्रैक्टिस की। उनके कई हाई प्रोफाइल क्लाइंट रहे हैं, जिनमें दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता भी शामिल थीं। 1991 में उनकी जीत की भविष्यवाणी करते हुए वह उनके करीब हो गए लेकिन जब उनकी एक भविष्यवाणी गलत हो गई तो रिश्ते में तनाव आ गया। खबरों के मुताबिक उन्होंने उनसे कहा था कि वह आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल नहीं जाएंगी लेकिन उन्हें जेल हो गई। जयललिता ने तब से उनसे सलाह लेना बंद कर दिया। इसके कई सालों बाद अब वह विजय के करीबी बन गए।




साइन इन