CM ऑफिस में पंडित की पोस्टिंग, कांग्रेस के साथ विजय के करीबियों ने खोला मोर्चा; अब क्या होगा?
तमिलनाडु में टीवीके सरकार के सत्ता संभालते ही की गई एक विवादास्पद नियुक्ति ने राजनीतिक हलचलों को तेज कर दिया है। सीएम विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिकी राधान पंडित को OSD तथा राजनीतिक विंग का सचिव नियुक्त कर दिया है। इस फैसले पर सहयोगी दलों और विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

तमिलनाडु में टीवीके सरकार के सत्ता संभालते ही की गई एक विवादास्पद नियुक्ति ने राजनीतिक हलचलों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिकी राधान पंडित को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष अधिकारी (OSD) तथा राजनीतिक विंग का सचिव नियुक्त कर दिया है। इस फैसले पर सहयोगी दलों और विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विपक्षी नेताओं ने इसे धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के खिलाफ बताया है तथा तुरंत वापस लेने की मांग की है।
कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह मेरी समझ से परे है। एक ज्योतिषी को OSD पद की क्या जरूरत है? कोई समझा सकता है? वहीं, सीपीआई(एम) के तमिलनाडु राज्य सचिव पी शनमुगम ने कहा कि यह फैसला सरकार की वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने लिखा कि सरकार का कर्तव्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना है। आज मुख्यमंत्री के राजनीतिक विंग के सचिव पद पर नियुक्त रिकी राधान पंडित मूल रूप से ज्योतिषी हैं। सरकारी खर्च पर ऐसे व्यक्ति को अधिकारी बनाना लोगों में ज्योतिष के प्रति विश्वास को और बढ़ावा देगा।
शनमुगम ने आगे कहा कि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्वीकार्य है, खासकर जब यह व्यक्ति राजनीतिक सलाहकार की भूमिका भी निभाएगा। वहीं, करूर से कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि ने कहा कि इस नियुक्ति से टीवीके द्वारा स्थापित वैचारिक आधारों को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने विजय से अपील की कि वे अपने निजी ज्योतिषी को इस पद पर नियुक्त करने के फैसले पर फिर से विचार करें।
वहीं, वीसीके के महासचिव डी रविकुमार ने भी आपत्ति जताते हुए कहा कि धर्मनिरपेक्ष सरकार में यह बिल्कुल अस्वीकार्य है। माननीय मुख्यमंत्री को इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करना चाहिए।
बता दें कि रिकी राधान पंडित ने एक साल पहले जोसेफ विजय की चुनावी जीत की भविष्यवाणी की थी। वे लंबे समय से विजय के करीबी सलाहकार माने जाते हैं और कई महत्वपूर्ण राजनीतिक व व्यक्तिगत कार्यक्रमों में उनके साथ रहे हैं।




साइन इन