विजय की कैबिनेट में शामिल होगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, VCK के विधायक भी बनेंगे मंत्री
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने कहा कि कि वह मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होगी। इसके अलावा, वीसीके के विधायक भी विजय कैबिनेट का हिस्सा होंगे।

तमिलनाडु की विजय सरकार की कैबिनेट में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और वीसीके भी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, कल विस्तार हो सकता है और इनके विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले, विजय ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए अपनी पार्टी टीवीके के 21 विधायकों और सहयोगी पार्टी कांग्रेस के दो विधायकों को इसमें शामिल किया है। तमिलनाडु में कांग्रेस 59 साल बाद सरकार का हिस्सा बनी है।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने कहा कि कि वह मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होगी। पत्रकारों से बात करते हुए, IUML के अध्यक्ष के.एम. कादर मोहिदीन ने कहा कि पार्टी ने विजय के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा बनने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि IUML कैबिनेट में शामिल करने के लिए अपने विधायक ए.एम. शाहजहां के नाम की सिफारिश करेगी। शाहजहां पापनासम विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे। यह घोषणा दिन में नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण के कुछ ही घंटों बाद की गई, जिसके साथ ही IUML ने औपचारिक रूप से सत्ताधारी गठबंधन में अपनी भागीदारी का संकेत दे दिया है।
शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मनोनीत मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। TVK के विधायकों, जिनमें श्रीनाथ, एस. कमली, सी. विजयलक्ष्मी और आर.वी. रंजीतकुमार शामिल थे, ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस पार्टी के एस. राजेश कुमार, जो किल्लियूर का प्रतिनिधित्व करते हैं, और पी. विश्वनाथन, जिन्होंने मेलूर क्षेत्र से जीत हासिल की थी, ने भी मंत्री पद की शपथ ली। तमिलनाडु के लिए AICC प्रभारी गिरीश चोडनकर ने कहा कि कैबिनेट में उनकी पार्टी के विधायकों को शामिल किया जाना तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में एक 'महत्वपूर्ण मोड़' की शुरुआत है।
चोडनकर ने कहा, "कांग्रेस के कार्यकर्ता पिछले 59 वर्षों से सत्ता हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे थे और पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ इसके लिए काम कर रहे थे। अब, उन्हें यह मिल गई है।" कांग्रेस की लोकसभा (करूर) सांसद जोतिमणि ने एक बयान में कहा, “59 वर्षों के बाद, कांग्रेस पार्टी के दो सदस्यों ने तमिलनाडु कैबिनेट में पदभार ग्रहण किया है। यह कांग्रेस पार्टी के लिए अत्यंत हर्ष का क्षण है। बड़े भाई विश्वनाथन और छोटे भाई राजेशकुमार को हार्दिक बधाई। ईश्वर करे कि यह जिम्मेदारी तमिलनाडु की जनता की अनुकरणीय सेवा करने का एक महान अवसर साबित हो।”
तमिलनाडु ने एआई को समर्पित एक अलग मंत्रालय बनाया
तमिलनाडु सरकार ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के लिए समर्पित एक अलग मंत्रालय का गठन किया है। पड़ोसी राज्य केरल के बाद एआई के लिए अलग मंत्रालय गठित करने वाला यह दूसरा राज्य बन गया है। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विधायक आर कुमार को बृहस्पतिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ दिलाई। कुमार वेलाचेरी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सेवाओं से संबंधित विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।




साइन इन