vd satheeshan kerala chief minister setback for kc venugopal वीडी सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, केसी वेणुगोपाल को झटका; खींचतान के बाद फैसला, India News in Hindi - Hindustan
More

वीडी सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, केसी वेणुगोपाल को झटका; खींचतान के बाद फैसला

वीडी सतीशन को सीएम बनाया जाएगा। कांग्रेस का यह फैसला अहम है क्योंकि मुख्यमंत्री बनने की रेस में राहुल गांधी के करीबी नेता केसी वेणुगोपाल भी थे। इस मसले पर तिरुअनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक बैठकों का लंबा दौर चला और उसके बाद ही यह फैसला हो सका है।

Thu, 14 May 2026 12:05 PMSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान
share
वीडी सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, केसी वेणुगोपाल को झटका; खींचतान के बाद फैसला

केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन होंगे। दिल्ली में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस ने इसका ऐलान किया है। नतीजे आने के बाद 10 दिन बाद उनके नाम पर सहमति बन सकी और इसके साथ ही लंबी खींचतान का अंत हो गया। कांग्रेस का यह फैसला अहम है क्योंकि मुख्यमंत्री बनने की रेस में राहुल गांधी के करीबी नेता केसी वेणुगोपाल भी थे। इस मसले पर तिरुअनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक बैठकों का लंबा दौर चला और उसके बाद ही यह फैसला हो सका है। तिरुअनंतपुरम में बीते सप्ताह ही विधायकों की मीटिंग लेने अजय माकन और मुकुल वासनिक पहुंचे थे। इस बैठक में उन्होंने विधायकों के अलावा अन्य नेताओं से भी राय ली थी। फिर दिल्ली में राहुल गांधी के साथ केरल के नेताओं की कई दौर की मीटिंग हुई थी।

अंत में सोनिया गांधी से भी सलाह ली गई और फिर सीएम का ऐलान किया गया है। 61 साल के वीडी सतीशन को लेकर कहा जा रहा था कि उन्हें केरल कांग्रेस के लोग काफी पसंद करते हैं। इसके अलावा नेता विपक्ष के तौर पर उनका केरल विधानसभा में जैसा काम था, उसकी भी सराहना की गई थी। यही नहीं विपक्ष में रहने के दौरान वह सड़कों पर भी प्रदर्शन करने में आगे रहे थे। इसके चलते यह राय बनी थी कि सड़क से सदन तक उन्होंने विपक्षी नेता के तौर पर अच्छी भूमिका निभाई थी। माना जा रहा है कि केरल के संगठन में पकड़ का फायदा वीडी सतीशन को मिला है।

कांग्रेस के लिए यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि केसी वेणुगोपाल मुकाबले में थे और उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। फिर भी फैसला वीडी सतीशन के पक्ष में हुआ तो यह महत्वपूर्ण है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वीडी सतीशन को भी राहुल गांधी पसंद करते हैं और इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का समर्थन भी सतीशन के साथ था। कांग्रेस की ओर से केरल का सीएम चुन लिए जाने के बाद उस खींचतान का अंत हो गया, जिसके चलते केरल में अस्थिरता की आशंका भी जताई जाने लगी थी।

कर्नाटक वाला हाल होने की जताई जा रही थी आशंका

इससे पहले भी राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में कांग्रेस में जिस तरह मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान रही है, उसे देखते भी चिंता जताई जा रही थी। अब ऐसी आशंकाएं वीडी सतीशन के नाम के ऐलान के साथ ही खत्म हो गई हैं। बता दें कि केरल में कई शहरों में वीडी सतीशन के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किए थे। अब तक यह जानकारी नहीं मिली है कि केरल में कोई डिप्टी सीएम भी बनाया जाएगा या फिर नहीं। माना जा रहा है कि अगले एक से दो दिन में पूरी डिटेल मिल जाएगी और शपथ की तारीख का भी ऐलान किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अगर वेणुगोपाल को सीएम बनाया तो… राहुल, प्रियंका को किसने दी धमकी?
ये भी पढ़ें:वेणुगोपाल VS सतीशन की रेस से छूटे पसीने, केरल CM चुनने को कांग्रेस ने मांगा वक्त