राहुल गांधी का मन... केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का नेता विपक्ष पर तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ऊपर तगड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल संसद में मुद्दा उठाते हैं उसके बाद बहस के बीच में उठकर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब केवल देश की जनता को गुमराह करने का काम करती है।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से देश में लगातार एलपीजी और तेल की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। संसद में भी विपक्ष इन्हीं मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार सरकार पर हमला बोल रहे हैं, अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वह सदन में मुद्दा उठाकर बहस में हिस्सा नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को खुद ही पता नहीं है कि उनका दिमाग और शरीर कहां है।
लोकसभा में राहुल गांधी की कम उपस्थिति का दावा करते हुए केंद्दरीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतंत्र के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा, "किसी को नहीं पता कि राहुल गांधी का मन कहाँ है और उनका शरीर कहाँ है, शायद उन्हें खुद भी नहीं पता। लोगों को उनकी तस्वीर किसी मनोवैज्ञानिक को भेजनी पड़ेगी। शायद कोई मनोवैज्ञानिक ही इसे ढूंढ पाएगा। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतंत्र के दुश्मन हैं। यह लोग गरीबों का पैसा बर्बाद करते हैं क्योंकि लोकसभा की बहस में ही हिस्सा नहीं लेते हैं।”
कांग्रेस और उसके साथी लोकतंत्र के दुश्मन: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर किसी भी मुद्दे पर विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ है तो उन्हें सदन चलने देना चाहिए और वहीं पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ विपक्ष की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, "आपने देखा कि उन्होंने हमारे स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया और अंत में नाटक करने के बाद भाग गए। उनमें हिम्मत नहीं थी कि वे वोटिंग तक जाएँ। ऐसा लगा कि वे खुद ही बंटे हुए थे और उनके बीच एकता नहीं थी। उन्हें पता था कि अगर वोटिंग हुई तो उनकी पोल खुल जाएगी, इसलिए उन्होंने हंगामा किया और फिर भाग गए।”
एलपीजी की कमी होती है, तो सरकार उससे निपट लेगी: सिंह
केंद्रीय मंत्री ने देश में एलपीजी की कमी की खबरों पर सवाल पूछे जाने पर कहा कि अगर ऐसी कोई समस्या आती है, तो सरकार उसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "जब भी कमी या कठिन स्थिति आई है, हमने उसे संभाला है, कोविड-10 महामारी के दौरान भी सरकार ने अच्छे से काम किया था। इस समस्या को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभाल लेंगे।"
आपको बता दें, पश्चिम एशिया में जारी जंग की वजह से लगातार देश में एलपीजी की कमी की खबरें आ रही हैं। हालांकि, सरकार की तरफ से कहना है कि ऐसी खबरें सही नहीं है, देश में एलपीजी और तेल के कच्चे भंडार हैं। लेकिन विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेरे हुए हैं। गुरुवार को संसद में भी इस मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ, विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर गैस सिलेंडर के पोस्टर लहरा कर प्रदर्शन किया।




साइन इन