TMC बर्बाद हो गई, लेकिन अभिषेक का घमंड नहीं गया; ममता को कल्याण बनर्जी की दो टूक- भतीजा या हम
कल्याण बनर्जी को ममता बनर्जी का सबसे करीबी सांसद माना जाता है। लोकसभा में बहस के दौरान अक्सर उन्होंने भाजपा पर तीखा तंज कसते हुए देखा जाता है। अब उन्होंने ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अपनी तल्खी बढ़ा दी है।

Mamata Banerjee and TMC: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को इन दिनों लगातार झटके लग रहे हैं। पहले विधायकों ने अलग गुट बना लिया। अब सांसदों का खेमा भी तैयार हो रहा है। अब तक कई राज्यसभा सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा नेताओं से मिलना शुरू कर दिया है। इस सबके बीच ममता बनर्जी के सबसे करीबी सांसदों में शुमार कल्याण बनर्जी ने भी अपने तेवर दिखा दिए हैं। उन्होंने ममता से साफ-साफ शब्दों में कहा है कि या तो आप अपने भतीजे यानी अभिषेक बनर्जी को पार्टी में रखें या हमें रहने दें। हम दोनों साथ-साथ नहीं रह सकते हैं। इस बयान के बाद उनके भी ममता का साथ छोड़ने के संकेत मिलने लगे हैं। आपको बता दें कि कल्याण बनर्जी वही सांसद हैं जिन्होंने बागी सांसदों के खिलाफ एक ही दिन पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हमला बोला था।
आनंदबाजार पत्रिका ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि कल्याण बनर्जी का कहना है कि अभिषेक बनर्जी ने उनके साथ बदतमीजी की है। इसके लिए उन्होंने कल की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें उनसे काफी जूनियर वकील को अभिषेक ने कलकत्ता हाईकोर्ट में अपने केस की पैरवी के लिए चुना। इससे पहले कल्याण बनर्जी ही उनका केस लड़ रहे थे। इस बात से वह काफी आहत हैं।
कल्याण बनर्जी ने ममता बनर्जी से अपील करते हुए कहा, "मैंने साफ-साफ कह दिया कि अब मैं अभिषेक बनर्जी के साथ नहीं रहूंगा। ना ही उनके साथ काम करूंगा। उन्होंने मेरे साथ बदतमीजी की है, जिसे मैं कभी बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं ममता बनर्जी से कहूंगा कि या तो अभिषेक को तृणमूल कांग्रेस में रखें और हमें पार्टी से बाहर जाने दें। या फिर हमें टीएमसी में रखें और अभिषेक को पार्टी से निकाल दें।"
कल्याण बनर्जी ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी की वजह से तृणमूल कांग्रेस बर्बाद हो गई है। फिर भी उनका घमंड वैसा ही है।




साइन इन