Abhishek insolence intolerable Kalyan Banerjee refuses to fight the case will he quit the TMC अभिषेक की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं; कल्याण बनर्जी ने केस लड़ने से किया इनकार, TMC छोड़ने के संकेत, India News in Hindi - Hindustan
More

अभिषेक की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं; कल्याण बनर्जी ने केस लड़ने से किया इनकार, TMC छोड़ने के संकेत

Mamata Banerjee: ममता बनर्जी के सबसे करीबी सांसद ने भी अब टीएमसी को झटका देने का मन बना लिया है। उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए उनके हाईकोर्ट वाले केस से खुद को अलग कर लिया है।

Thu, 11 June 2026 12:25 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता।
share
अभिषेक की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं; कल्याण बनर्जी ने केस लड़ने से किया इनकार, TMC छोड़ने के संकेत

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। अब उनके सबसे करीबी सांसद ने बड़ा झटका दे दिया है। सेरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी ने कथित तौर पर जाली हस्ताक्षर के मामले में अभिषेक बनर्जी का केस लड़ने से- साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि टीएमसी बर्बाद हो गई, लेकिन अभिषेक बनर्जी का घमंड वैसा ही है। उन्होंने साफ साफ कहा है कि उन्हें अभिषेक बनर्जी की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं है।

गुरुवार को कलकत्ता हाई कर्ट में कल्याण बनर्जी को ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी की तरफ से बहस करनी थी। सुनवाई से ठीक पहले सेरामपुर के सांसद ने इस केस से खुद को अलग कर लिया। अब वकील अयान भट्टाचार्य अभिषेक का केस लड़ रहे हैं। सिर्फ कल्याण ही नहीं, बल्कि उनके बेटे शीर्षन्या बनर्जी और दूसरे जूनियर वकीलों ने भी इस मामले से खुद को अलग कर लिया।

किस बात से आहत हुए कल्याण बनर्जी

आनंदबाजार पत्रिका की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बारे में पूछे जाने पर टीएमसी सांसद ने कहा, "मैंने उनका केस छोड़ दिया है। बुधवार मैंने हाईकोर्ट में उनके केस का जिक्र किया और जस्टिस कौशिक चंदा के सामने ममता बनर्जी के घर सीआईड के जाने का मुद्दा भी उठाया। किसी वजह से कोर्ट ने कल अभिषेक का केस नहीं सुना। हमने जज से इसे अर्जेंट बेसिस पर सुनने की गुजारिश की थी। आज इस केस की सुनवाई होनी थी।"

टीएमसी छोड़ने के संकेत

कल्याण बनर्जी ने आगे कहा, "कल रात 12:30 बजे मेरे बेटे को फोन आया। उसने मुझे बताया कि अयान अब यह केस लड़ेगा, जो जूनियर्स में भी जूनियर है। मैंने साफ कह दिया कि अब मैं अभिषेक बनर्जी के साथ नहीं रहूंगा। मैं 45 साल से इस पेशे में हूं। ऐसी बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं ममता बनर्जी से कहूंगा कि या तो अभिषेक को रखें और हमें जाने दें या हमें रखें और अभिषेक को हटा दें।"

तृणमूल के ऑल इंडिया जनरल सेक्रेटरी पर निशाना साधते हुए कल्याण ने आगे कहा, "अभिषेक बनर्जी की वजह से पार्टी बर्बाद हो गई है। फिर भी उनका घमंड वैसा ही है।"