इस देश के प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के सीएम विजय को किया फोन, बोले- भारत आ रहा हूं...
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बधाई दी है। पीएम इब्राहिम ने विजय की फिल्म 'सरकार' के गाने 'ओरु विरल पुरत्ची' का जिक्र कर इस जीत को असली क्रांति बताया।

सुपरस्टार से राजनेता बने जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इतिहास रच दिया। राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद विजय को देश के साथ-साथ विदेशों से भी जमकर बधाइयां मिल रही हैं। इसी कड़ी में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने विजय को इस ऐतिहासिक जीत की शुभकामनाएं दी हैं। इसके जवाब में सीएम विजय ने भी आभार जताते हुए तमिलनाडु और मलेशिया के द्विपक्षीय संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने की बात कही है।
मलेशियाई पीएम ने किया 'ओरु विरल पुरत्ची' का जिक्र
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने खास संदेश में विजय के ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन, दोनों ही अवतारों की खुलकर तारीफ की। उन्होंने विजय की हिट फिल्म 'सरकार' के मशहूर गाने "ओरु विरल पुरत्ची" (एक उंगली की क्रांति) का जिक्र करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक मतदान की यह ताकत, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ एक आंदोलन का प्रतीक है, अब असल जिंदगी में इतिहास रचने की दहलीज पर है।
पीएम इब्राहिम ने लिखा, "मैं अपने मित्र विजय को मुख्यमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई देता हूं। सालों तक उनके प्रशंसकों ने उन्हें फिल्मों में तीन घंटे के अंदर भ्रष्ट राजनेताओं और विलेन को हराते देखा है। लेकिन अब तमिलनाडु की जनता ने उन्हें स्क्रीन पर निभाए गए किसी भी किरदार से कहीं बड़ी और असल जिम्मेदारी सौंपी है।"
इब्राहिम ने अपनी आगामी भारत यात्रा के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि वह इसी साल सितंबर महीने में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक करने के लिए भारत आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अवसर मिला, तो वह इस यात्रा के दौरान तमिलनाडु का एक संक्षिप्त दौरा भी करेंगे। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने विजय के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें तमिलनाडु के बेहतर भविष्य और लोगों के कल्याण के लिए कुशलतापूर्वक नेतृत्व करने की शक्ति और बुद्धिमत्ता प्रदान करे।
विजय ने जताया आभार, रिश्ते मजबूत करने पर दिया जोर
मलेशियाई पीएम के इस शानदार संदेश पर सीएम विजय ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मलेशिया के माननीय प्रधानमंत्री थिरु अनवर इब्राहिम की ओर से मिली गर्मजोशी भरी शुभकामनाओं से मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। आपके इस शानदार जेस्चर के लिए धन्यवाद। मैं तमिलनाडु और मलेशिया के बीच सहयोग बढ़ाने और दोस्ती के बंधन को और भी मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।"
बता दें कि मलेशिया और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-जन के रिश्ते पीढ़ियों से चले आ रहे हैं। पीएम इब्राहिम ने भी अपने संदेश में इन्हीं रिश्तों की गहराई का जिक्र करते हुए आने वाले सालों में सीएम विजय के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद जताई है।
मलेशिया में बसता है एक बड़ा भारतीय समुदाय
तमिलनाडु की राजनीति का मलेशिया से गहरा कनेक्शन है, क्योंकि वहां बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं। आंकड़ों के अनुसार, मलेशिया में भारतीय मूल की आबादी करीब 27.5 लाख है। यह वहां की कुल जनसंख्या का 6.8 प्रतिशत है, जो इसे दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा भारतीय डायस्पोरा बनाता है।
मलेशिया में लगभग 1,85,000 अप्रवासी भारतीय (NRI) रहते हैं, जिनमें कुशल और अकुशल दोनों तरह के कामगार शामिल हैं। इसके अलावा करीब 25,000 भारतीय प्रवासी कर्मचारी भी वहां मौजूद हैं। सबसे खास बात यह है कि मलेशिया में रहने वाले इस भारतीय समुदाय के लगभग 90 प्रतिशत लोग तमिल भाषी हैं। बाकी 10 प्रतिशत लोग तेलुगु, मलयालम, पंजाबी, बंगाली, गुजराती और मराठी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं।
2026 विधानसभा चुनाव: TVK का ऐतिहासिक डेब्यू और गठबंधन
2026 के तमिलनाडु चुनाव के नतीजे राज्य के इतिहास में एक बड़े उलटफेर के तौर पर दर्ज हो गए हैं। राज्य की राजनीति में पहली बार ऐसा हुआ है जब दोनों पारंपरिक 'द्रविड़' पार्टियों का सत्ता से पूरी तरह सफाया हो गया है।
विजय की पार्टी TVK ने अपने पहले ही राजनीतिक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 में से 108 सीटों पर जीत का परचम लहराया। हालांकि, TVK अपने दम पर बहुमत के जादुई आंकड़े को नहीं छू सकी, लेकिन उसे कांग्रेस (5), CPI-M (2), CPI (2), VCK (2) और IUML (2) ने अपना समर्थन दे दिया। ये सभी दल पहले डीएमके (DMK) के नेतृत्व वाले 'सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस' का हिस्सा थे।
बीते रविवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने एक भव्य समारोह में विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्य की राजनीति के इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, विजय के माता-पिता, मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन समेत कई दिग्गज हस्तियां मंच पर मौजूद थीं।




साइन इन